बरनाला में नशे के खिलाफ सर्च ऑपरेशन: पुलिस ने 132 संदिग्धों की जांच की; 37 गिरफ्तार, 41 पर एहतियाती कार्रवाई – Barnala News
पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत बरनाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष घेराबंदी और सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान 177 पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीमों ने 132 संदिग्ध व्यक्तियों को घेरा। अभियान में 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 41 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। सत्यापन के बाद 51 लोगों को छोड़ दिया गया। एसएसपी बरनाला मोहम्मद सरफराज आलम (आईपीएस) ने बताया कि मुख्यमंत्री पंजाब और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान नगर परिषद कार्यालय के पीछे, सेंसी बस्ती के पीछे, बरनाला बस स्टैंड क्षेत्र, तपा की बाजीगर बस्ती और भदौड़ कस्बे सहित चिन्हित ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में चलाया गया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और ठिकानों पर छापा मारा लिस टीमों ने नशा तस्करी से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और ठिकानों पर छापेमारी कर गहन तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इस विशेष अभियान की निगरानी एसपी (इन्वेस्टिगेशन) अशोक कुमार (पीपीएस) और एसपी (लोकल) तरीघाम (पीपीएस) ने की। अभियान में सीआईए स्टाफ के अलावा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को शामिल किया गया था, जिससे पूरे अभियान को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सका। एसएसपी ने यह भी बताया कि जिले के गांवों में गठित ग्राम स्तरीय समितियों के साथ लगातार बैठकें कर लोगों को नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को नशा बेचने या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिले, तो वह बरनाला पुलिस की ड्रग हेल्पलाइन 97791-00200 पर बिना किसी डर के सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। बरनाला पुलिस ने दोहराया कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान और सख्ती दोनों लगातार जारी रहेंगे तथा नशा कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link

