बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर किन्नरों के गुटों में खूनी संघर्ष, गाड़ी रोककर पीटा – Ludhiana News
मॉडल टाउन के अंतर्गत आते आत्म नगर और दाना मंडी क्षेत्र में बधाई मांगने के क्षेत्र पर वर्चस्व को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। एक गुट ने दूसरे गुट की ईको स्पोर्ट्स गाड़ी को जबरन फिल्मी स्टाइल में घेरा और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता सुरेश प्रसाद (निवासी ख्वाजा कोठी, लुधियाना) ने पुलिस को बताया कि यह पूरा विवाद बीती 15 जून की सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ। सुरेश प्रसाद अपने तय इलाके आत्म नगर (मकान नंबर 14-डी) में एक घर में बधाई मांगने गई थीं। वहां पहले से ही दूसरे गुट के लोग मौजूद थे, जो अवैध रूप से बधाई ले रहे थे। पीड़ित गुट के सदस्य मुकेश प्रसाद ने बताया कि सुबह जब हम इलाके में पहुंचे, तो देखा कि उस घर में पहले से ही वो लोग मौजूद थे जो सड़कों पर जाली (नकली) किन्नर बनकर भीख मांगते हैं। जब हमने उन्हें मर्यादा याद दिलाई और हमारे तय एरिया से जाने को कहा, तो वे गाली-गलौज और गुंडागर्दी पर उतारू हो गए। उन्होंने हमें सरेआम सबक सिखाने की धमकी दी और वहां से निकल गए। इस शुरुआती विवाद के ठीक 10-15 मिनट बाद जब सुरेश प्रसाद अपनी ईको स्पोर्ट्स गाड़ी से आत्म नगर से निकलकर दाना मंडी फाटक के पास पहुंचीं, तो आरोपियों ने पहले से प्लानिंग के तहत घातक हथियारों से लैस होकर उनकी गाड़ी को आगे से घेर लिया। हमलावरों के हाथों में धारदार हथियार देखकर सुरेश प्रसाद का ड्राइवर आशू और ढोलकी मास्टर टोनी अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए। इसके बाद आरोपियों ने सुरेश प्रसाद को जबरन गाड़ी से नीचे घसीट लिया और हथियारों से उनकी बेरहमी से पिटाई की। {इन 10 आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा: पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर हमला करने वाले दूसरे गुट के 10 लोगों को नामजद किया है। इनमें रवीना, मोना, पूजा, सुहाना, रशीका, रूबी, रहमत, हिफाजत, ढोलकी मास्टर दिलावर (मरासी) और ड्राइवर शिव कुमार शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 126(2), 351(2), 191(2) और 190 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। {सीपी से गुहार : किन्नर समाज को बदनाम कर रहे नकली लोग- पीड़ित गुट ने इस मामले को लेकर लुधियाना के पुलिस कमिश्नर से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि जो लोग चौराहों और सड़कों पर जाली किन्नर बनकर खड़े होते हैं और जबरन भीख मांगते हैं, उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। ये लोग जनता के साथ तो धोखाधड़ी कर ही रहे हैं, साथ ही असली किन्नर समाज के नाम को भी बदनाम कर रहे हैं।
Source link

