बठिंडा के जोगर पार्क में युवती ने काटी कलाई: ब्लेड से नस काटने लहुलुहान स्थिति में मिली, सहारा संस्था ने पहुंचाया अस्पताल – Bathinda News
बठिंडा के जोगर पार्क में शनिवार रात एक 20 वर्षीय युवती द्वारा ब्लेड से अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अत्यधिक खून बहने के कारण युवती पार्क में ही बेसुध हो गई। गनीमत रही कि समय रहते सामाजिक संस्था ‘सहारा जन सेवा’ की टीम मौके पर पहुँच गई, जिसने तुरंत युवती को अस्पताल पहुँचाया, जिससे उसकी जान बच गई। रात 9:30 बजे पार्क में लहूलुहान हालत में मिली युवती जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना मिली कि जोगर पार्क में एक युवती गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही समाज सेवी संस्था ‘सहारा जन सेवा’ की हेल्पलाइन टीम एम्बुलेंस के साथ तुरंत मौके पर पहुँची। गंभीर रूप से घायल युवती की पहचान 20 वर्षीय अंजली के रूप में हुई है। सहारा की टीम ने बिना वक्त गंवाए उसे सिविल अस्पताल के आपातकालीन (इमरजेंसी) वार्ड में दाखिल करवाया, जहाँ डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से बची जान, परिजन पहुँचे अस्पताल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, युवती ने ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली थी, जिससे काफी खून बह चुका था और उसकी हालत बेहद नाजुक थी। लेकिन समय पर अस्पताल पहुँचने के कारण उसे तुरंत प्राथमिक उपचार मिल गया और उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद युवती के परिजन भी अस्पताल पहुँच गए। हालांकि, युवती ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। थर्मल थाना एसएचओ इस पूरे मामले को लेकर जब थाना थर्मल के एसएचओ हरजोत सिंह से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि पुलिस को अभी तक इस घटना के संबंध में कोई लिखित शिकायत या सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल की ओर से भी अभी तक कोई ‘रुका’ (आधिकारिक जानकारी) पुलिस को प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही अस्पताल या परिवार की तरफ से कोई सूचना मिलती है, पुलिस नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करेगी।
Source link

