संगरूर शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर: कांग्रेस ने MLA नरेंद्र कौर के पोस्टर लगाए, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन – Sangrur News
संगरूर शहर में पिछले कई दिनों से जगह-जगह लगे कचरे के ढेर और चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर राजनीति गर्मा गई है। इस गंभीर समस्या पर रोष जताते हुए कांग्रेस पार्टी ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और संगरूर की स्थानीय विधायक नरिंदर कौर भराज के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए शहर के मुख्य कूड़े के ढेरों पर विधायक के पोस्टर चिपका दिए। पिछले कई दिनों से शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और मोहल्लों में सड़क किनारे कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। समय पर कूड़ा न उठाए जाने के कारण इन ढेरों से भयंकर बदबू आ रही है। बारिश और गर्मी के मौसम में इस गंदगी की वजह से शहर में संक्रामक बीमारियाँ फैलने का खतरा बेहद बढ़ गया है। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों का इस रास्ते से निकलना दूभर हो चुका है, जिससे शहरवासियों में भारी गुस्सा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर पड़े कचरे के ढेरों पर विधायक नरिंदर कौर के पोस्टर लगाए। इन पोस्टरों पर तंज कसते हुए लिखा गया था— ‘कचरे के ढेर गवाह हैं, दावे तो सिर्फ हवा करती है… बताओ झाड़ू कहाँ है? खोखले साबित हो रहे विकास के दावे कांग्रेस प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब के विकास और बदलाव को लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन मुख्यमंत्री के गृह जिले (संगरूर) की मौजूदा स्थिति कुछ और ही बयां कर रही है। हफ्तों तक शहर से कचरा न उठना प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है। प्रशासन को अल्टीमेटम प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय नगर काउंसिल और जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर से तुरंत इन कचरे के ढेरों को हटाया जाए और सफाई व्यवस्था को नियमित किया जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहरवासियों को इस गंदगी और बदबू से राहत नहीं मिली, तो वे आने वाले दिनों में अपने संघर्ष को और तेज करेंगे।
Source link

