फाजिल्का में हथियार-हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़: नाबालिग समेत 6 गिरफ्तार, 3 पिस्टल और 750 ग्राम हेरोइन बरामद – Fazilka News
फाजिल्का पुलिस ने अवैध हथियारों और नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन विदेशी पिस्टल, छह मैगजीन, चार कारतूस, 750 ग्राम हेरोइन और करीब ढाई लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई है। पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की तैयारी कर रही है। एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि डीएसपी गुरिंदरजीत सिंह की निगरानी और जलालाबाद सिटी पुलिस की टीम ने विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग क्षेत्र में अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव टिवाना कलां के निकट कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस करेगी आरोपियों से पूछताछ तलाशी के दौरान उनके पास से तीन इंपोर्टेड पिस्टल और 750 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी तस्करी से प्राप्त रकम परमजीत सिंह नामक व्यक्ति को भेजते थे। पुलिस ने परमजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर उसके पास से करीब ढाई लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की। आगे की जांच में सामने आया कि फरीदकोट जेल में बंद साजन इस पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। पुलिस अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी ताकि हथियारों और हेरोइन की सप्लाई चेन तथा गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार, बूढ़ सिंह, अर्शदीप सिंह, करन, परमजीत सिंह और एक नाबालिग के रूप में हुई है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है। एक आरोपी की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
Source link

