फाजिल्का में नहर से मिला 10 दिन पुराना शव: पहचान नहीं हुई; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस जुटी जांच में – Fazilka News
फाजिल्का-अबोहर हाईवे पर गांव घल्लू के पास स्थित खुईखेड़ा नहर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में शव करीब 10 दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समाजसेवी संस्था की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। नर सेवा नारायण सेवा समिति के सेवादार सोनू ग्रोवर ने बताया कि उन्हें पुलिस की ओर से सूचना मिली थी कि नहर में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के साथ मिलकर शव को बाहर निकालने का काम किया। बाद में एंबुलेंस के जरिए शव को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस बोली- शव गल-सड़ चुका है पुलिस कर्मचारी मनजिंदर सिंह ने बताया कि शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह गल-सड़ चुका है, जिससे उसकी पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं हो सका है। शव में कीड़े भी पड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है। पुलिस के अनुसार मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

