फतेहगढ़ साहिब में बेकाबू ट्रक दुकानों में घुसा: 2 लोगों की मौत, एक गंभीर घायल; CCTV में कैद हुआ हादसा – Fatehgarh Sahib News

फतेहगढ़ साहिब में बेकाबू ट्रक दुकानों में घुसा:  2 लोगों की मौत, एक गंभीर घायल; CCTV में कैद हुआ हादसा – Fatehgarh Sahib News




फतेहगढ़ साहिब के मंडी गोबिंदगढ़ में हुए एक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। फुटेज में तेज रफ्तार ट्रक को अनियंत्रित होते हुए देखा जा सकता है। यह घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई, जब सामान्य रूप से ट्रैफिक चल रहा था। वीडियो के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रक सर्विस लेन से अचानक सड़क किनारे बनी दुकानों की ओर मुड़ गया। कुछ ही सेकंड में ट्रक ने कई दोपहिया वाहनों, सड़क किनारे मौजूद लोगों और एक दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बहादुर सिंह (निवासी न्यू जस्सर कॉलोनी, मंडी गोविंदगढ़) और गुरदीप सिंह (निवासी गांव कलाल माजरा, खन्ना) की मौत हो गई। रवि (निवासी गांव जरग, खन्ना) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे चंडीगढ़ रेफर किया गया है और उसका इलाज जारी है। सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि ट्रक दुकान में घुसने के बाद चालक वाहन से कूदकर भागने की कोशिश करता है। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो जाती है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शनिवार को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम मंडी गोविंदगढ़ के सिविल अस्पताल में किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *