प्रतियोगिता जीतो, स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला देखो – Jalandhar News

प्रतियोगिता जीतो, स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला देखो – Jalandhar News



भास्कर न्यूज | जालंधर सीबीएसई ने अपने सभी संबद्ध स्कूलों को सर्कुलर जारी कर छात्रों को रक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। ये प्रतियोगिताएं स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह के तहत रक्षा मंत्रालय, मायगव और मायभारत पोर्टल के माध्यम से आयोजित की जा रही हैं। इनमें हिस्सा लेने वाले छात्रों को नकद पुरस्कार के साथ 15 अगस्त को दिल्ली के लाल किले पर होने वाले मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखने का मौका भी मिलेगा। प्रतियोगिताओं में निबंध, पेंटिंग और ऑनलाइन क्विज शामिल हैं। निबंध प्रतियोगिता का विषय 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में एआई की भूमिका रखा गया है। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता का विषय भारत : 1947 से भारत : 2047 है। दोनों प्रतियोगिताओं के लिए 15 जुलाई तक आवेदन भेजे जा सकते हैं। निबंध 500 से 600 शब्दों का होना चाहिए। ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता 15 जुलाई तक चलेगी। इसमें भारतीय संविधान, स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की भूमिका, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। क्विज हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी। प्रतिभागियों को 5 मिनट में अधिकतम 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। तीनों प्रतियोगिताओं में पहले तीन स्थान प्राप्त करने वालों को 15-15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा पेंटिंग प्रतियोगिता के 20 और क्विज प्रतियोगिता के 50 प्रतिभागियों को 5-5 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। सभी प्रतियोगिताओं के शीर्ष 200 प्रतिभागियों को एक अभिभावक या साथी के साथ 15 अगस्त 2026 को लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए ई-आमंत्रण दिया जाएगा। हालांकि दिल्ली आने-जाने और ठहरने का खर्च प्रतिभागियों को स्वयं उठाना होगा। ई-आमंत्रण पत्र दिखाने पर दिल्ली मेट्रो में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। सीबीएसई ने स्कूलों से कहा है कि वे अधिक से अधिक छात्रों को इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। इच्छुक छात्र और अन्य भारतीय नागरिक मायगव या मायभारत पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *