पठानकोट की नैना राष्ट्रीय यूथ पार्लियामेंट में चमकी: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर रखे विचार; पंजाब का प्रतिनिधित्व कर बढ़ाया मान – Pathankot News
पठानकोट की छात्रा नैना पठानिया ने युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब राज्य का प्रतिनिधित्व किया है। इस उपलब्धि से जिले का नाम रोशन हुआ है। जिला युवा अधिकारी संदीप कौर ने बताया कि नैना पठानिया वर्तमान में आरआरएमके आर्य महिला महाविद्यालय, पठानकोट की छात्रा हैं। उन्होंने जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट प्रतियोगिता से अपनी यात्रा शुरू की थी। मेरा युवा भारत, गुरदासपुर (पंजाब) और आरआरएमके आर्य महिला महाविद्यालय के संयुक्त सहयोग से आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में नैना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके बाद चंडीगढ़ में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन सुनिश्चित किया। 15 से 17 जून तक नई दिल्ली में हुआ समागम राष्ट्रीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन 15 से 17 जून तक नई दिल्ली स्थित संसद भवन में किया गया था। इस दौरान नैना पठानिया को न केवल इसमें भाग लेने का अवसर मिला, बल्कि उन्हें संसद भवन का भ्रमण करने और लोकसभा, राज्यसभा तथा संसद की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का भी मौका मिला। कार्यक्रम के दौरान, नैना ने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” विषय पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। उनकी इस उपलब्धि पर जिले के शिक्षण संस्थानों, युवाओं और सामाजिक संगठनों में हर्ष का माहौल है।
Source link

