पंजाब में बिजली संकट के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन: पावरकॉम दफ्तरों का किया घेराव, 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग – Amritsar News
पंजाब में बिजली आपूर्ति को लेकर आज किसान मजदूर मोर्चा प्रदेशभर में पावरकॉम के वरिष्ठ अधिकारियों के दफ्तरों के बाहर धरना और प्रदर्शन कर रहा है। संगठन का कहना है कि किसानों, मजदूरों और आम उपभोक्ताओं को लगातार बिजली संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसके विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। मोर्चा के नेताओं के अनुसार, धान की खेती का सीजन अपने चरम पर है, लेकिन कई क्षेत्रों में कृषि मोटरों के लिए केवल ढाई से चार घंटे तक ही बिजली मिल रही है। उनका कहना है कि इससे सिंचाई का काम गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए किसान मजदूर मोर्चा ने मांग की है कि कृषि मोटरों के लिए कम से कम 16 घंटे और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के भीतर बदला जाए और उनकी ढुलाई का खर्च बिजली विभाग स्वयं वहन करे। पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं संगठन ने उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने का भी विरोध किया है। मोर्चा की मांग है कि जिन उपभोक्ताओं के पुराने मीटर हटाए गए हैं, उन्हें 10 प्रतिशत जुर्माना जोड़कर भेजे जा रहे बिल वापस लिए जाएं और पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं। किसानों की मांगें:- इसके अलावा संगठन ने बिजली विभाग के निजीकरण और निगमकरण की नीति वापस लेने, खाली पदों पर शीघ्र भर्ती करने तथा निजी कंपनियों के साथ किए गए पावर परचेज समझौतों को रद्द करने की मांग की है। किसान मजदूर मोर्चा ने प्रदेशभर के किसानों, मजदूरों और आम लोगों से अपील की है कि वे आज आयोजित धरनों में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करें।
Source link

