अमृतसर में सुलह के बहाने बुलाकर फायरिंग: युवक की जांघ में लगी गोली, पुरानी रंजिश में 4 युवकों पर आरोप – Amritsar News
अमृतसर के मजीठा रोड इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई है। इसमें एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल युवक ने पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों द्वारा उसे बुलाकर गोली मारने का आरोप लगाया है। घायल युवक की नरिंदर सिंह पहचान के रूप में हुई है। घायल युवक के दोस्त सतनाम ने बताया कि नरिंदर ताज होटल में काम करता है। उसका होटल में काम करने वाले एक अन्य व्यक्ति से कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण उसे कुछ दिन पहले नौकरी से भी निकाल दिया गया था। सतनाम के अनुसार, 24 जून को नरिंदर को फोन और मैसेज आए, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला सुलझाने की बात कही गई। शाम को उसे फिर फोन कर शाम 7 बजे मिलने के लिए बुलाया गया। जब वह तय स्थान पर पहुंचा, तो वहां दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक पहले से मौजूद थे। सतनाम सिंह का आरोप है कि चारों हमलावरों के पास पिस्तौलें थीं। उन्होंने बिना किसी बातचीत के नरिंदर पर फायरिंग शुरू कर दी। झुकने के दौरान जांघ में लगी गोली खुद को बचाने के लिए झुकने के दौरान गोली नरिंदर के जांघ में लगी। इसके बाद हमलावरों ने दातर और अन्य धारदार हथियारों से भी हमला किया, जिससे उसकी नाक पर चोट आई। सतनाम का कहना है कि हमलावर नरिंदर सिंह को जान से मारने की नीयत से आए थे और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। एसीपी कमलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को नय्यर अस्पताल से सूचना मिली थी कि नरिंदर सिंह नामक व्यक्ति को गोली लगने के बाद भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही थाना मजीठा रोड पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस बोली- विवाद की शुरुआत ताज होटल में हुए पुराने झगड़े से हुई पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सतनाम सिंह ने बयान दिया है कि विवाद की शुरुआत ताज होटल में हुए पुराने झगड़े से हुई थी। सुखबीर सिंह ने आरोप लगाया है कि सतनाम सिंह ने अपने साथियों को बुलाकर पिस्तौल और दातर से हमला करवाया था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में थाना मजीठा रोड में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 118, 135 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

