तलवंडी साबो गुरुद्वारा साहिब में मुख्यमंत्री के खिलाफ पोस्टर: विवादित VIDEO के बाद संगत, अकाली दल ने लगाए अकाल तख्त के आदेश वाले बोर्ड – Bathinda News
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से जुड़े कथित वीडियो विवाद के बाद अब धार्मिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। तलवंडी साबो में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और सिख संगत द्वारा तख्त श्री दमदमा साहिब की मुख्य सड़क सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों वाले पोस्टर और बोर्ड लगाए जा रहे हैं। शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय संगत ने मिलकर धार्मिक मर्यादा की रक्षा के उद्देश्य से ये बोर्ड स्थापित किए हैं। ऐतिहासिक गुरुद्वारा मस्ताना साहिब के प्रबंधकों की लिखित और मौखिक सहमति के बाद, अकाली दल के नेताओं ने मस्ताना साहिब रोड पर भी इसी तरह के बड़े बोर्ड और पोस्टर लगाए हैं। यह घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ‘अकाल तख्त के सामने पेश होकर माफी मांगें मुख्यमंत्री’: इस पूरे मामले को लेकर शिरोमणि अकाली दल, तलवंडी साबो के हल्का इंचार्ज रवि प्रीत सिंह सिद्धू ने एक तीखा बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान को श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता के सामने झुकना ही होगा। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री को औपचारिकताएं छोड़ अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और खुद श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होकर सिख पंथ से माफी मांगनी चाहिए। ‘फर्जी रिपोर्ट’ का सच आया सामने, सरकार चल रही चालाकी भरी चालें सिद्धू ने मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वीडियो मामले को दबाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा जो “फर्जी रिपोर्ट” तैयार करवाई गई थी, उसका सच अब पूरी तरह जनता और संगत के सामने आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार श्री अकाल तख्त साहिब जैसे सर्वोच्च धार्मिक संस्थान को गलत साबित करने के लिए लगातार “चालाकी भरी चालें” चल रही है, जिसे सिख जगत कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
Source link

