जलालाबाद के पास पंजाब रोडवेज बस का टायर फटा: फर्श टूटने से सीट पर बैठी महिला का पैर फंसा, हड्डी टूटी – Fazilka News

जलालाबाद के पास पंजाब रोडवेज बस का टायर फटा:  फर्श टूटने से सीट पर बैठी महिला का पैर फंसा, हड्डी टूटी – Fazilka News




फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र में पंजाब रोडवेज की एक बस का टायर फटने से हादसा हो गया, जिसमें बस में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पंजाब रोडवेज अमृतसर डिपो की बस (PB 02 CR 6723) श्री अमृतसर साहिब से श्रीगंगानगर के लिए रवाना हुई थी। जब बस जलालाबाद के निकट हाईवे पर स्थित गांव लधुवाला के पास पहुंची, तभी अचानक बस का टायर फट गया। टायर फटने के साथ ही उसके ऊपर लगा फर्श भी क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर टायर फटा, उसके ठीक ऊपर सीट पर एक महिला यात्री बैठी हुई थी। फर्श टूटने के कारण महिला का पैर नीचे टायर वाले हिस्से में चला गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और पैर की हड्डी टूट गई। घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। अन्य यात्रियों और स्थानीय लोगों ने घायल महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पंजाब रोडवेज की बसों की हालत पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बसों के रखरखाव में लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। वहीं विभाग का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण टायर फटने की घटना हुई। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और मामले की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *