खन्ना में मनरेगा कर्मियों पर लाठीचार्ज, कई घायल: मंत्री सौंध की कोठी के बाहर प्रदर्शन; पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ खदेड़ा – Khanna News
लुधियाना जिले के खन्ना में बुधवार को मनरेगा कर्मचारियों और वर्करों के प्रदर्शन के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध के आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल हैं। मनरेगा कर्मचारियों और वर्करों ने विभाग में स्थायीकरण, कई महीनों से लंबित वेतन जारी करने और अन्य मांगों को लेकर पंजाब स्तर पर खन्ना में एक बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसके तहत पंजाब के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में कर्मचारी खन्ना के प्रेम भंडारी पार्क में एकत्र हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने रोष मार्च निकाला पार्क में सभा करने के बाद, सभी प्रदर्शनकारी रोष मार्च निकालते हुए अमलोह रोड स्थित पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध के आवास की ओर रवाना हुए। मंत्री के आवास के बाहर पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने सड़क पर बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की धक्कामुक्की प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े और बाद में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज और भगदड़ के दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग किया, जबकि वे केवल अपनी मांगों को लेकर मंत्री तक पहुंचना चाहते थे। घायल कर्मचारियों में कई महिलाएं भी शामिल घायल कर्मचारियों में कई महिला वर्कर भी शामिल हैं, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। यूनियन नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि मनरेगा कर्मचारी 18 वर्षों से ग्रामीण विकास में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें आज तक नियमित नहीं किया गया। यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Source link

