कैबिनेट मंत्री गोयल ने युवाओं को पार्टी जोड़ा: संगरूर में लोक मिलनी कार्यक्रम में कहा- ‘AAP’ सरकार ने सभी चुनावी गारंटी पूरी की हैं – Sangrur News
संगरूर के लहरागागा क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव लेहल कलां में एक विशेष ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पंजाब के कैबिनेट मंत्री वरिंदर कुमार गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान हलके के विकास और सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में स्थानीय नौजवानों ने अन्य पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने का एलान किया। कैबिनेट मंत्री वरिंदर कुमार गोयल ने पार्टी का दामन थामने वाले सभी युवाओं का सिरोपा भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि आज लोग खुद बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी से जुड़ने के लिए समय मांग रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक बदलाव पर जोर देते हुए कहा कि पहले अमूमन चुनाव नजदीक आने पर ही लोग अपनी पार्टियां बदलते थे, लेकिन पंजाब के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब सरकार के कामकाज को देखकर लोग बिना किसी चुनाव के भी ‘AAP’ में शामिल होने के लिए उत्सुक हैं। चुनावी गारंटियों से भी आगे बढ़कर काम कर रही है मान सरकार गोयल ने जनता के बीच अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर बेहद गर्व और प्रसन्नता होती है कि जब वे फील्ड में जाते हैं, तो लोग खुद उन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार द्वारा किए गए जनहित के कार्यों को गिनाते हैं। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने चुनाव के समय जनता से की गई न केवल अपनी सभी गारंटियों को पूरा किया है, बल्कि कई क्षेत्रों में तो गारंटियों से भी आगे बढ़कर ऐतिहासिक काम किए हैं, जिससे हर वर्ग खुशहाल है।
Source link

