लुधियाना में तेज रफ्तार का कहर: गिल नहर से आ रहे ट्रैक्टर की नहीं लगी ब्रेक, इशर नगर पुल पर जोमैटो राइडर और महिला को मारी टक्कर – Ludhiana News
लुधियाना के इशर नगर इलाके में जहां एक बेकाबू ट्रैक्टर ने पुल पर अचानक कहर बरपा दिया। गिल नहर की तरफ से भारी स्पीड में आ रहे इस ट्रैक्टर की अचानक ब्रेक फेल हो गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर सीधे इशर नगर पुल पर चढ़ गया और वहां मौजूद दोपहिया वाहन चालकों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त इशर नगर पुल पर ट्रैफिक सामान्य था। वहां एक जोमैटो डिलीवरी बॉय अपनी टीवीएस जुपिटर (Jupiter) स्कूटर पर सवार होकर जा रहा था। उसी दौरान पुल पर ही एक महिला अपने बजाज चेतक (Chetak) इलेक्ट्रिक स्कूटर पर खड़ी होकर किसी का इंतजार कर रही थी। तभी गिल नहर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक ना लगने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे पुल पर चढ़ गया और जुपिटर तथा चेतक सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी। बाल-बाल बची जान, अस्पताल में चल रहा इलाज टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी की जान नहीं गई। हादसे में जोमैटो राइडर और महिला को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने बिना समय गवाए दोनों घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां फिलहाल उनका इलाज (जेरे इलाज) चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत स्थिर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रैक्टर चालक की लापरवाही को लेकर भी पूछताछ की जा सकती है।
Source link

