अमृतसर लोक अदालत में 14 साल पुराना विवाद सुलझा: 391 में 37 मामलों का तुरंत हुआ निपटारा, 51 लाख रुपए के समझौते हुए – Amritsar News
अमृतसर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य लंबे समय से लंबित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा कर लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना था। लोक अदालत में कुल 391 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 37 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा हुआ। इन मामलों में कुल 51.09 लाख रुपए के समझौते हुए। लोक अदालत में निपटाए गए प्रमुख मामलों में गौरव इम्पेक्स बनाम गोल्डन ओवरसीज का मामला शामिल रहा, जो पिछले 14 वर्षों से न्यायालय में लंबित था। यह विवाद वर्ष 2012 में दर्ज हुआ था और एक व्यावसायिक लेन-देन से संबंधित था। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी फर्म ने 36.76 लाख रुपए का सामान खरीदा था। इसमें से 20 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया, जबकि शेष राशि के लिए जारी किए गए दो चेक बैंक द्वारा “पेमेंट स्टॉप्ड बाय ड्रॉअर” टिप्पणी के साथ बाउंस हो गए थे। नोटिस के बाद भी कोर्ट में पहुंचा मामला कानूनी नोटिस के बावजूद भुगतान न होने पर मामला न्यायालय पहुंचा। सुनवाई के दौरान आरोपी को भगोड़ा घोषित किया गया था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। इसके बाद मुकदमे की कार्रवाई दोबारा शुरू हुई। न्यायालय और दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के प्रयासों से समझौता वार्ता सफल रही और मामला 2.50 लाख रुपए में सुलझ गया। भुगतान होने के बाद शिकायतकर्ता ने लोक अदालत के समक्ष शिकायत वापस लेने का बयान दर्ज कराया। विशेष लोक अदालत के लिए पांच बेंचों का गठन किया गया था, जिनमें विभिन्न न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, पक्षकारों और न्यायालयीन कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। प्राधिकरण ने कहा कि लोक अदालतें वैकल्पिक विवाद समाधान का प्रभावी माध्यम हैं, जो लोगों को त्वरित, सस्ता और सौहार्दपूर्ण न्याय प्रदान करती हैं।
Source link

