इंडोनेशिया से डिपोर्ट गैंगस्टर बिल्ला कोर्ट में पेश: आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा, हत्या रंगदारी सहित 25 केस दर्ज, पांच लाख का इनाम – Amritsar News
पंजाब पुलिस ने इंडोनेशिया से डिपोर्ट कराए गए गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला को बाबा बकाला साहिब की अदालत में पेश किया। अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी को आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ करेगी और उसके नेटवर्क को लेकर अगला कदम उठाएगी पुलिस के अनुसार, जोबनजीत बिल्ला को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से ‘ऑपरेशन नोमैड हंट’ के तहत भारत लाया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच इंटरपोल रेफरेंस भी जारी किए गए थे। जकार्ता में रेड कॉर्नर नोटिस पर गिरफ्तार किया गया जानकारी के मुताबिक, 20 जुलाई को इंडोनेशिया के जकार्ता इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे मुंबई लाया गया और वहां से पंजाब पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर मोहाली लेकर पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के पते पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया था। इसी पासपोर्ट के जरिए वह जनवरी 2025 में भारत से फरार हो गया। फरारी के दौरान उसने अंगोला, जॉर्जिया, तुर्किये, अजरबैजान और इंडोनेशिया सहित कई देशों में ठिकाने बदले। चार हत्या सहित रंगदारी और गैंगस्टर के 25 से ज्यादा केस पुलिस के मुताबिक, जोबनजीत बिल्ला के खिलाफ चार हत्या के मामलों सहित हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह अमृतसर की होमलैंड हाइट्स सोसायटी में हुई फायरिंग का भी आरोपी है। उसकी गिरफ्तारी पर पंजाब सरकार ने ₹5 लाख का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से उसके गैंग, विदेश भागने में मदद करने वालों, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले लोगों और पंजाब में हुई विभिन्न आपराधिक वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गैंग के अन्य सदस्यों और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
Source link

