अजीतवाल ज्वेलरी लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार: डेढ़ किलो चांदी, हथियार और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद – Moga News

अजीतवाल ज्वेलरी लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार:  डेढ़ किलो चांदी, हथियार और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद – Moga News




मोगा पुलिस ने अजीतवाल में हुई ज्वेलरी शोरूम लूट का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई करीब डेढ़ किलो चांदी, वारदात में इस्तेमाल की गई कार, एक अवैध देसी पिस्तौल, एक कापा और एक किरपान बरामद की है। डीएसपी अनवर अली ने पत्रकारों को बताया कि यह वारदात 21 जुलाई 2026 को अजीतवाल मार्केट स्थित एक सुनार की दुकान पर हुई थी। कार सवार तीन युवकों ने चांदी के आभूषण लूट लिए थे। इस संबंध में थाना अजीतवाल में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 3(5) और 351(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान थाना अजीतवाल के प्रभारी इंस्पेक्टर राज सिंह और सहायक थानेदार बलजिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोगा जिले के महिणा थाना क्षेत्र के गांव राम वाला नवां निवासी सुखदीप सिंह उर्फ सुखा, हरदीप सिंह उर्फ हरपी और पवित्र सिंह उर्फ लल्ल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई लगभग डेढ़ किलो चांदी, वारदात में प्रयुक्त कार नंबर PB-77-0097, एक अवैध देसी पिस्तौल, एक कापा और एक किरपान बरामद की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी सुखदीप सिंह उर्फ सुखा भारतीय सेना में कार्यरत है और वारदात के समय छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं पाया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी और उनसे गहन पूछताछ कर अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता का पता लगाएगी। मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *