आमों के बंगले में विराजे ठाकुर जी… मृदंग की थाप पर महामंत्र का जाप – Jalandhar News

आमों के बंगले में विराजे ठाकुर जी… मृदंग की थाप पर महामंत्र का जाप – Jalandhar News




भास्कर न्यूज | जालंधर हरे कृष्ण महामंत्र की दिव्य गूंज…, मृदंग की थाप और मंजीरों की झंकार… हवा में तैरती पके हुए रसीले आमों की भीनी-भीनी खुशबू और ठाकुर जी के दर्शन पाकर भाव-विभोर होकर झूमते श्रद्धालु। यह अलौकिक नजारा इस समय प्रताप बाग स्थित श्री चैतन्य महाप्रभु श्री श्री राधा माधव मन्दिर का है, जहां निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर भव्य ‘आम्र सेवा महोत्सव’ (मैंगो फेस्टिवल) और विशाल श्री हरिनाम संकीर्तन की अमृत वर्षा हो रही है। मंदिर का कोना-कोना साक्षात वृंदावन धाम में परिवर्तित हो चुका है। उत्सव का शंखनाद होते ही पूरा मंदिर परिसर करतल ध्वनि से गूंज उठा। मंदिर के मुख्य पुजारियों-दीनार्ती हर दास, केवल कृष्ण, राजेश शर्मा, श्रीनिवास दास, राजेंद्र लूथरा, अम्बरीश, सुरेश कुमार, विधान अरोड़ा और शाश्वत गुप्ता ने सेवा निभाई। संकीर्तन के बीच व्यासपीठ से केवल कृष्ण जी ने निर्जला एकादशी का महात्म्य सुनाते हुए महाभारत काल का सजीव चित्रण किया। उन्होंने बताया कि महाबली भीम ने भूख बर्दाश्त न कर पाने की विवशता महर्षि वेदव्यास के सामने रखी थी। तब वेदव्यास जी ने उन्हें ज्येष्ठ मास की ‘निर्जला एकादशी’ का व्रत रखने का उपाय बताया, जिसमें जल का भी त्याग करना होता है। भीम द्वारा यह व्रत रखने के कारण ही इसे ‘भीमसेनी एकादशी’ कहा जाने लगा। इसके बाद मंदिर के प्रधान अमित चड्ढा ने चैतन्य महाप्रभु की एक सत्य लीला भक्तों के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि एक बार घंटों चले संकीर्तन के बाद जब भक्त भूख-प्यास से व्याकुल हो गए, तब महाप्रभु ने दिव्य लीला रची। भूमि से अचानक बिना छिलके और गुठली वाले पके आमों से लदा एक अद्भुत वृक्ष प्रकट हुआ। भक्तों ने इसे खाकर तृप्ति की और साल भर तक रोज ‘आम्र महोत्सव’ मनाया। यहां पूर्व विधायक राजिंदर बेरी, नरिंदर गुप्ता, रेवती रमण गुप्ता, राजीव ढींगरा, एडवोकेट उमेश ओहरी, संजय सहगल, राकेश, राजन गुप्ता, गगन अरोडा, अजय अग्रवाल, हेमंत थापर, चन्दन साहनी, रविंदर चोपड़ा, अश्वनी अग्रवाल, करतार सिंह, करणवीर, दीपक बंसल, जतिन बंसल भी मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *