आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के पोषण और रचनात्मक गतिविधियों का दिया प्रशिक्षण – Sangrur News
संगरूर| पंजाब कृषि विश्वविद्यालय और आईसीएआर-एटीएआरआई के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केंद्र संगरूर द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए प्री-स्कूल बच्चों के लिए पौष्टिक व्यंजन और रचनात्मक गतिविधियां विषय पर एक दिवसीय इन-सर्विस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आई 25 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन केंद्र के इंचार्ज डॉ. मनदीप सिंह के निर्देशन में किया गया। इस दौरान सहायक प्रोफेसर (गृह विज्ञान) डॉ. वितास्ता धवन ने बच्चों के शुरुआती वर्षों में संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सही पोषण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा समग्र स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को बच्चों में हाथ-आंख समन्वय, रचनात्मकता और समस्या समाधान क्षमता विकसित करने वाली गतिविधियों का प्रदर्शन भी कराया गया। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री से कम लागत में पौष्टिक व्यंजन तैयार करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। अंत में प्रतिभागियों को बच्चों के पोषण संबंधी पंजाब कृषि विश्वविद्यालय का साहित्य वितरित किया गया।
Source link

