अमृतसर में AAP सरपंच के पति पर चली गोली: छप्पड़ की खुदाई लेकर टकराव; अफसरों की मौजूदगी में 2 पक्ष आमने-सामने – Amritsar News
अमृतसर के अजनाला के गांव कमीरपुरा में छप्पड़ की खुदाई को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर गोली चलने की घटना सामने आई है। इस दौरान आम आदमी पार्टी की महिला सरपंच के पति और पंच सदस्य गुरनाम सिंह बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि गांव में पानी की निकासी को बेहतर बनाने के लिए सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी में छप्पड़ की सफाई और खुदाई का काम चल रहा था, तभी 2 पक्षों में विवाद हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव कमीरपुरा में पंचायत और संबंधित विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में छप्पड़ की खुदाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान एक पक्ष ने काम का विरोध किया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने गोली चला दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सरपंच पति ने लगाए जानलेवा हमले के आरोप महिला सरपंच के पति गुरनाम सिंह ने आरोप लगाया कि वह गांव की निकासी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों की मौजूदगी में काम करवा रहे थे। इसी दौरान विरोधी पक्ष के लोगों ने आकर झगड़ा शुरू कर दिया और जान से मारने की नीयत से उन पर गोली चला दी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय निवासी निर्मल सिंह ने भी आरोप लगाया कि पहले कई बार पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन इसके बावजूद साजिश के तहत हमला किया गया । विरोधी पक्ष ने कब्जे का दावा किया दूसरी ओर, विरोधी पक्ष के मनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि छप्पड़ की जमीन पर उनका कब्जा था और उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके साथ मारपीट भी की गई और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है। सरकार के निर्देशों बन रहा छप्पड़: बीडीपीओ मामले में बीडीपीओ कार्यालय के सचिव राजिंदर सिंह ने बताया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार छप्पड़ की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर विवाद शुरू कर दिया और एक व्यक्ति द्वारा गोली चलाने की बात सामने आई है। वहीं, थाना अजनाला के प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला है। दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link

