अमृतसर में 13 कनाल जमीन विवाद में जानलेवा हमला: चचेरे भाई ने चलाईं गोलियां, BMW गाड़ी समेत 3 गिरफ्तार – Amritsar News
अमृतसर के राजासांसी इलाके में 13 कनाल जमीन का विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब एक ही परिवार के सदस्यों के बीच कथित तौर पर जानलेवा हमला हो गया। इस मामले में पीड़ित परिवार ने अपने ही रिश्तेदारों पर गोली चलाने, मारपीट करने और बुजुर्ग महिला से बदसलूकी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। BMW ने रोकी कार, रास्ते में हमला पीड़ित गुरजीत सिंह, जो मोगा के दशमेश नगर का रहने वाला है, ने बताया कि वह अपनी दादी और अन्य परिजनों के साथ अपने पैतृक गांव कुहाला जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में काली फिल्म लगी एक BMW कार ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और गांव कुक्कड़ांवाली के पास उनकी कार को रोक लिया। गुरजीत सिंह का आरोप है कि उसके चाचा का बेटा ईश्वरजोत सिंह, जो खुद को हाई कोर्ट का वकील बताता है, ने रिवॉल्वर से उस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। गुरजीत का दावा है कि वह बाल-बाल बच गया और परिवार की मदद से हथियार छीनकर तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान गुरजीत के पिता की पगड़ी उतारकर उनकी दाढ़ी खींची गई, जबकि उसकी बुजुर्ग दादी सुखवंत कौर के साथ धक्का-मुक्की की गई। परिवार का कहना है कि उन्हें लगातार समझौते के लिए धमकियां मिल रही हैं और उनकी जान को अब भी खतरा बना हुआ है। तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी उधर, राजासांसी थाना पुलिस के एसएचओ हरजीत सिंह के अनुसार, गुरजीत सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ईश्वरजोत सिंह, उसके पिता जसपाल सिंह और उनके निजी गनमैन यादविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई काली फिल्म लगी BMW कार भी कब्जे में ले ली गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।
Source link

