अमृतसर में सरकारी गोदाम में 15 बदमाशों का धावा: चौकीदारों को बंधक बना 400 गेहूं के कट्टे लूटे; डीजल चोरी कर ट्रक लेकर फरार – Amritsar News
पंजाब के अमृतसर जिले के अजनाला क्षेत्र से बड़ी लूट की घटना सामने आई है। गांव महल बुखारी स्थित पनग्रेन के सरकारी गोदाम में बीती देर रात 15 हथियारबंद बदमाशों ने पहले चौकीदारों को बंधक बनाया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद करीब 400 गेहूं के कट्टों को एक ट्रक में लोड कर फरार हो गए। यह गेहूं सरकार की आटा-दाल योजना के तहत लोगों में वितरित किया जाना था। ट्रकों से डीजल निकालकर वारदात में इस्तेमाल किए गए ट्रक में भरा बदमाशों ने गोदाम परिसर में खड़े अन्य ट्रकों से डीजल निकालकर उसी ट्रक में डाला, जिसे वारदात के लिए इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस मामले में ट्रक मालिक ने बताया कि उसका ट्रक रात के समय गोदाम में खड़ा था। चौकीदारों के अनुसार करीब 15 बदमाश आधी रात के बाद गोदाम में घुसे और चौकीदारों को बंधक बनाकर लगभग 400 गेहूं के कट्टे तथा ट्रक लेकर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। अचानक गोदाम की बिजली बंद पनग्रेन अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों और पुलिस को दे दी गई है तथा पूरे मामले की जांच जारी है। चौकीदार ने बताया कि अचानक गोदाम की बिजली बंद हो गई। जब वह बिजली की जांच करने बाहर निकला तो पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और एक कमरे में ले जाकर अन्य चौकीदारों के साथ बंधक बना दिया। बदमाशों ने सभी को जान से मारने की धमकी दी और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शुरू की जांच जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि गोदाम से गेहूं चोरी होने के मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

