अबोहर में 18 दिन से सफाईकर्मी हड़ताल पर: शहर में कूड़े का ढेर , 3 साल की सेवा पूरी करने वालों को पक्का करने की मांग – Abohar News

अबोहर में 18 दिन से सफाईकर्मी हड़ताल पर:  शहर में कूड़े का ढेर , 3 साल की सेवा पूरी करने वालों को पक्का करने की मांग – Abohar News




अबोहर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गई है, जिससे पूरे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। वहीं, पिछले पांच दिनों से सीवरेज कर्मचारियों के भी इस आंदोलन में शामिल हो जाने से स्थिति और विकराल हो गई है तथा कई इलाकों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या खड़ी हो गई है। नगर निगम के 235 कच्चे और 113 पक्के कर्मचारी गत 8 जुलाई से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि 3 वर्ष की सेवा अवधि पूरी कर चुके कच्चे सफाई कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाए और अन्य लंबित मसलों का हल निकाला जाए। प्रतिदिन निकलता है 24 टन कचरा, मुख्य डंप भी हुए फुल सामान्य दिनों में अबोहर शहर से रोजाना करीब 24 टन (240 क्विंटल) कचरा उठाया जाता है। 18 दिनों से सफाई कार्य पूरी तरह ठप होने से हजारों टन कचरा सड़कों, बाजारों और खाली प्लॉट्स में जमा हो चुका है। शहर के तीनों मुख्य कचरा डंप पूरी तरह भर चुके हैं। बारिश के कारण कचरे से उठती बदबू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मजबूरी में लोग सूखे कचरे को आग लगा रहे हैं, जिससे वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा है। हालांकि, भाई घनैया सेवा सोसायटी के सदस्यों ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए डंपों के बाहर फैले कचरे को समेटने की कोशिश की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सीवरेज ठप होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ा पाँच दिन पूर्व सीवरेज कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने के कारण अब सीवर जाम और ओवरफ्लो होने लगे हैं। मानसून के मौसम में सीवर का पानी सड़कों और गलियों में भरने से संक्रामक बीमारियों व महामारी फैलने का डर लगातार बना हुआ है। पुतला फूंककर जताया विरोध, चुनाव में बहिष्कार की चेतावनी कर्मचारियों के समर्थन में उत्रे वाल्मीकि समाज के लोगों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने बरनाला में आंदोलनकारी कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द माँगें स्वीकार नहीं कीं, तो आने वाले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। शहरवासियों ने उठाई जल्द समाधान की मांग हड़ताल का सबसे भारी खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। अबोहर निवासियों ने पंजाब सरकार और कर्मचारी यूनियनों से अपील की है कि वे आपस में बातचीत कर तुरंत कोई बीच का रास्ता निकालें, ताकि शहर को गंदगी और बदबू से निजात मिल सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *