अबोहर में युवक ने नशे के लिए मांगे पैसे: नहीं मिले तो घर फूंका, सामान राख; सिलेंडर बाहर निकालने में रिश्तेदार की बाजू झुलसी – Abohar News
अबोहर के धर्मनगरी क्षेत्र में नशे की लत के कारण एक युवक ने अपनी मां से रुपये न मिलने पर घर में आग लगा दी। इस घटना में घर का सामान जलकर राख हो गया, जिससे परिवार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ। हालांकि, समय रहते गैस सिलेंडर बाहर निकाल लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। परिजनों के अनुसार, युवक नशे का आदी है और अक्सर अपनी बुजुर्ग मां से नशे के लिए पैसे मांगता रहता है। बुधवार रात भी उसने रुपये मांगे, लेकिन मां ने पैसे न होने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद युवक ने पहले मां से मारपीट की और फिर गुस्से में आकर घर को आग लगा दी। युवक ने दी ईंटें से मारने की धमकी धर्मनगरी गली नंबर-8 निवासी लक्खा ने बताया कि उसके साले के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी सास लोगों के घरों में बर्तन धोकर परिवार का गुजारा करती हैं। घटना के समय जब पड़ोसियों और परिजनों ने युवक को रोकने की कोशिश की, तो उसने उन्हें ईंटें मारने की धमकी दी। लक्खा ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी और कमरे में गैस सिलेंडर रखा हुआ था। बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए, वह अपनी जान जोखिम में डालकर कमरे में घुसा और सिलेंडर को बाहर निकाला। इस दौरान उसकी बाजू झुलस गई। बाद में उसने युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी में घर का घरेलू सामान जल गया, जिससे परिवार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
Source link

