जगराओं में भीषण गर्मी का असर: रेडीमेड, ज्वेलर्स, बूट और मनियारी बाजार 3 दिन रहेंगे बंद, सोमवार से खुलेगी दुकानें – Jagraon News
जगराओं में बढ़ती भीषण गर्मी के मद्देनजर चार प्रमुख व्यापारिक एसोसिएशनों ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेडीमेड, मनियारी, बूट और ज्वेलर्स एसोसिएशन के व्यापारियों ने सामूहिक रूप से तीन दिनों के लिए अपनी दुकानें बंद रखने का फैसला किया है। राकेश जैन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए शहर की प्रमुख एसोसिएशनों ने यह निर्णय लिया है। रेडीमेड कपड़ा, ज्वेलर्स, बूट और मनियारी की सभी दुकानें 26, 27 और 28 जून (शुक्रवार, शनिवार और रविवार) को बंद रहेंगी। ग्राहकों के लिए सामान अब सोमवार से उपलब्ध होगा। कंडा ज्वेलर्स के मालिक बोले- यह फैसला सभी दुकानदारों के लिए फायदेमंद कंडा ज्वेलर्स के मालिक ने बताया कि साल में तीन दिन दुकानों को बंद रखने का यह फैसला सभी दुकानदारों के लिए फायदेमंद है। इससे व्यापारियों को अपने परिवार के साथ समय बिताने और घूमने-फिरने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आमतौर पर दुकानदारों के पास अपने लिए समय नहीं होता, और यदि कोई व्यापारी दुकान बंद कर कहीं जाता भी है, तो उसे ग्राहकों की चिंता रहती है। इस बार सभी दुकानें एक साथ बंद रहेंगी, जिससे व्यापारी बिना किसी तनाव के परिवार के साथ समय बिता सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जिन ग्राहकों के ऑर्डर तैयार थे, उन्हें पहले ही फोन करके सूचित कर दिया गया है कि वे अपना सामान गुरुवार को प्राप्त कर लें। अन्यथा, वे सोमवार को आकर सामान ले सकते हैं।
Source link

