अबोहर में मिला 55 साल के व्यक्ति का शव: नहर में उतरता देख फैली सनसनी, तीन दिन पुराना होने से पहचान नहीं, हरा कुर्ता पायजामा पहने – Abohar News
फाजिल्का अबोहर के नजदीकी गांव गुमजाल की टेलों के पास स्थित मलूकपुरा माइनर (नहर) से सोमवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और यह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ‘नर सेवा नारायण सेवा समिति’ के सेवादार बिट्टू नरूला ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे उन्हें गुमजाल गांव के पास नहर में एक शव बहता हुआ दिखने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही वह अपने साथी सोनू ग्रोवर के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। दो से तीन दिन पुराना है शव घटना की सूचना मिलते ही थाना खुईयां सरवर के एएसआई सुरेंद्र पाल अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच आंकी गई है और उसने हरे रंग का कुर्ता-पायजामा पहन रखा था। शव की हालत को देखकर पुलिस आशंका जता रही है कि व्यक्ति की मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मोर्चरी में रखवाया शव, पुलिस ने की अपील फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव को कब्जे में ले लिया है। शिनाख्त के लिए शव को अगले 72 घंटों के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। थाना खुईयां सरवर पुलिस और नर सेवा नारायण सेवा समिति ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी का कोई पारिवारिक सदस्य पिछले कुछ दिनों से लापता है या इस हुलिये (50-55 वर्ष, हरा कुर्ता-पायजामा) से मेल खाता है, तो वे तुरंत थाना खुईयां सरवर पुलिस या नर सेवा नारायण सेवा समिति से संपर्क कर पहचान में सहयोग करें। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link

