अबोहर में बुजुर्ग मां से मारपीट का आरोप: बोलीं- बेटों ने घर से निकाला, 5 साल से बेटियों के सहारे गुजार रही जिंदगी – Abohar News
अबोहर के गांव सीडफार्म में एक पारिवारिक विवाद सामने आया है। यहां 65 वर्षीय कौशल्या देवी ने अपने दो बेटों पर मारपीट करने और घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। कौशल्या देवी ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय जगतार सिंह का निधन कई वर्ष पहले हो चुका है। उनके पति ने मेहनत-मजदूरी कर परिवार के लिए घर बनाया था। परिवार में उनकी चार बेटियां और दो बेटे हैं। महिला का आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद बेटों ने उन्हें सहारा देने के बजाय घर से अलग कर दिया। उन्होंने बताया कि बड़े बेटे प्रीतम के पास दो कमरे हैं, जबकि छोटे अविवाहित बेटे संदीप के पास एक कमरा है। पीड़िता बोली- 5 साल से भटक रही हूं इसके बावजूद उन्हें रहने के लिए कोई जगह नहीं दी जाती। वह कभी-कभार संदीप के कमरे में आकर रहती हैं। कौशल्या देवी के अनुसार, पिछले करीब पांच वर्षों से उन्हें रहने के लिए भटकना पड़ रहा है और वह अधिकतर समय अपनी बेटियों के पास रहकर गुजारा कर रही हैं। इस मामले को लेकर गांव में कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन बेटों ने पंचायत की बात मानने से इनकार कर दिया। महिला का आरोप है कि रविवार को कमरे के विवाद को लेकर फिर झगड़ा हो गया। इसी दौरान उनके बेटों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं। इसी मामले में दूसरी ओर प्रियंका और उसकी भाभी सुमन ने भी एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। दोनों महिलाएं अस्पताल में भर्ती बताई जा रही हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

