- Hindi News
- International
- Peru Indian Attack Video; Car Firing CCTV Footage | Gold Jewellery Stolen
भारतीय युवक की कार पर गोलियां चलाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में हथियारबंद बदमाशों ने एक भारतीय युवक की SUV पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं। युवक के साथ कार में पेरू की एक महिला भी मौजूद थी। दोनों एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी अनेक गाड़ियों में आए बदमाशों ने उनकी SUV को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी।
हमलावरों ने कार के दरवाजे खोलकर उसमें रखे सोने के जेवरों से भरे बैग और सूटकेस लूट लिए। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। हमले में भारतीय युवक और महिला चोटिल हुए हैं। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना में घायल भारतीय युवक जीत की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई। उनका इलाज जारी है।
एयरपोर्ट जाते समय SUV को घेरा
यह घटना शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे पेरू के कैलाओ इलाके के ला पेरला जिले में सांता रोसा पहाड़ी के पास हुई। भारतीय युवक और महिला जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहे थे।
पेरू के अखबार 'एल कॉमर्सियो' के अनुसार, बदमाश अनेक गाड़ियों में सवार होकर आए थे। उन्होंने अपनी गाड़ियां SUV के आगे और आसपास लगा दीं, ताकि उसमें सवार लोग भाग न सकें। पुलिस को शक है कि हमलावर पहले से उनका पीछा कर रहे थे और पूरी वारदात की योजना बनाकर आए थे।
पास की एक इमारत में लगे CCTV कैमरे में हमले का वीडियो रिकॉर्ड हुआ है। इसमें नकाब पहने बदमाश SUV को चारों तरफ से घेरकर उसकी खिड़कियों पर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच एक बदमाश कार में सवार व्यक्ति को बाहर खींचकर सड़क पर गिरा देता है।
घटना के पश्चात पुलिस फौरन घटनास्थल पर पहुंची। इस तस्वीर मे काली SUV के शीशे टूटे नजर आ रहे हैं।
10 बदमाशों ने तीन वैन से घेरा
कैलाओ पुलिस इलाका के मुख्य जनरल ओल्गर बेनाविडेस ने जानकारी दी कि यह लूटपाट और फायरिंग का मामला है। वारदात में लगभग 10 बदमाश शामिल थे। उन्होंने तीन वैन और कुछ दूसरी गाड़ियों की सहायता से SUV को रोका था। वारदात के पश्चात इन्हीं गाड़ियों से भाग निकले।
घटना की खबर मिलते ही नेशनल पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। मौके पर पुल के पास कुछ मोबाइल फोन भी मिले हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि ये फोन पीड़ितों के हैं या हमलावरों के।
हमले में शामिल गाड़ी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल हुई ग्रे रंग की एक गाड़ी का नंबर B6H-624 है। इस गाड़ी का नाम पहले भी अनेक आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2011 में यह गाड़ी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले एक हादसे से जुड़े मामले में दर्ज हुई थी।
वहीं, 2024 में हत्या की कोशिश और हथियारों व विस्फोटकों के निर्माण और सप्लाई से जुड़े मामले में भी इसका नाम सामने आया था। पुलिस अब इस गाड़ी और हमले में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।







