- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Buzzing Blooms: Gunishas Butterfly Garden Healing Autistic Children
शहरों में हरियाली हेतु कम होती जमीनें और बिगड़ते पर्यावरण के कारण तितलियां लगातार कम होती जा रही हैं। लुधियाना की 16 साल की गुनीशा कौर ने तितलियों के संरक्षण हेतु दो साल पहले अपने घर से पॉलिनेटर गार्डन तैयार करने की शुरुआत की थी।
गुनीशा ने इसकी शुरुआत पर्यावरण को बचाने के मकसद से की थी, लेकिन जब उनके पॉलिनेटर गार्डन में तितलियां आने लगीं, तो उन्हें देखकर ऑटिज्म स्पेक्ट्रम (न्यूरोडायवर्सिटी) से जूझ रहा उनका छोटा भाई काफी बेहतर और शांत महसूस करने लगा।
गुनीशा बताती हैं कि धीरे-धीरे उनके भाई का दिमागी तनाव कम होने लगा और वह अपनी भावनाएं व्यक्त करने लगा। जब उसकी मेंटल हेल्थ में सुधार हुआ, तो गुनीशा ने जगह-जगह पॉलिनेटर गार्डन लगवाने की मुहिम प्रारंभ कर दी।
गुनीशा अब तक लुधियाना समेत अलग-अलग शहरों में 20 से ज्यादा पॉलिनेटर गार्डन बनवा चुकी हैं और एक गार्डन बैंकॉक में भी लगवाया है। गुनीशा के अनुसार, उनके बनाए गार्डन्स में 250 से ज्यादा ऑटिस्टिक बच्चे आ रहे हैं और उनकी मेंटल हेल्थ में तेजी से सुधार हो रहा है।
इस प्रोजेक्ट हेतु गुनीशा को नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर कई अवार्ड मिल चुके हैं। हाल ही में उनके इस प्रोजेक्ट को पूरी दुनिया में तीसरा स्थान हासिल हुआ है।
गुनीशा के पॉलिनेटर गार्डन प्रारंभ करने पूरी कहानी सिलसिलेवार जानिए...
- तितलियों के विलुप्त होने से परेशान थीं: लुधियाना जैसे बड़े औद्योगिक नगर के धुएं और प्रदूषण के बीच पली-बढ़ी गुनीशा कौर ने 14 साल की उम्र में अपने आसपास एक चिंताजनक बदलाव देखा। कंक्रीट के फैलते जंगलों और हरियाली की कमी की वजह से रंग-बिरंगी तितलियां, मधुमक्खियां और छोटे कीट-पतंगे गायब हो रहे थे। गुनीशा को समझ आया कि तितलियों की घटती संख्या केवल पर्यावरण का नुकसान नहीं है, बल्कि यह इंसानों और प्रकृति के बीच टूटते संबंध की चेतावनी है।
- घर के आंगन में बनाया पहला पॉलिनेटर गार्डन: गुनीशा ने बताया कि उनके छोटे भाई को ऑटिज्म स्पेक्ट्रम (न्यूरोडायवर्सिटी) की समस्या थी। उसकी सही देखभाल और थेरेपी समझने के लिए उनका परिवार साइकोलॉजिस्ट्स के पास जाता था। डॉक्टरों ने सलाह दी थी कि ऐसे बच्चे प्रकृति के बीच रहकर जल्दी बेहतर महसूस करते हैं। इसके बाद गुनीशा ने 5 मार्च 2023 को अपने घर के आंगन में पहला पॉलिनेटर गार्डन बनाया। कुछ ही दिनों में वहां तितलियां और मधुमक्खियां आने लगीं। भाई उन्हें देखकर खुश होने लगा, रोजाना उनके बीच वक्त बिताने लगा और धीरे-धीरे उसकी मेंटल हेल्थ सुधरने लगी।
- 'बजिंग ब्लूम्स' प्रोजेक्ट की शुरुआत: तितलियों को बचाने और ऑटिस्टिक बच्चों को प्रकृति से जोड़ने हेतु गुनीशा ने 2023 में 'बजिंग ब्लूम्स' प्रोजेक्ट की नींव रखी। इसका मकसद जहां एक तरफ तितलियों और कीट-पतंगों को सुरक्षित घर देना था, वहीं दूसरी तरफ न्यूरोडायवर्जेंट व जरूरतमंद बच्चों हेतु प्रकृति से जुड़ने का माहौल तैयार करना था। गुनीशा ने लुधियाना, मेरठ, मुंबई से लेकर बैंकॉक तक 20 से अधिक पॉलिनेटर गार्डन तैयार किए। यह पहल केवल पार्कों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसे स्कूलों, अनाथालयों, दृष्टिहीन बच्चों के स्कूलों, बाल सुधार गृहों और कम्युनिटी पार्कों में भी प्रारंभ किया गया।
- तितलियों और मधुमक्खियों की आबादी 155% बढ़ी: गुनीशा के मुताबिक, इन गार्डन्स के बनने से संबंधित इलाकों में परागणक जीवों (तितलियों व कीटों) की प्रजातियां 18 से बढ़कर 46 हो गईं। इसमें लगभग 155% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, बेहतर माहौल मिलने से स्थानीय मधुमक्खियों की संख्या में भी 200% की भारी बढ़ोतरी हुई।
- 4,000 स्टूडेंट्स जोड़े; खुद फंड जुटाकर चलाया प्रोजेक्ट: गुनीशा ने इस मुहिम से अब तक 4,000 से अधिक स्टूडेंट्स, 250 से ज्यादा ऑटिस्टिक बच्चों और 8,000 से अधिक लोगों को जोड़ा है। उन्होंने 'बजिंग ब्लूम्स अंबेसडर प्रोग्राम' की शुरुआत की, जिसमें युवाओं और विद्यार्थियों को ट्रेनिंग दी जाती है ताकि वे अपने-अपने इलाकों में खुद ऐसे गार्डन बना सकें। खास बात यह है कि इस सामाजिक प्रोजेक्ट के लिए गुनीशा किसी बाहरी चंदे पर निर्भर नहीं हैं। वह वीकेंड्स पर बच्चों हेतु आर्ट क्लासेस चलाती हैं, पौधे बेचती हैं और अपनी स्कॉलरशिप के पैसों से गार्डन्स का पूरा खर्च उठाती हैं।
- इकोलोजिकल रिसर्च और साइकोलॉजी की ट्रेनिंग: गुनीशा ने जानकारी दी कि पॉलिनेटर गार्डन को वैज्ञानिक ढंग से तैयार करने हेतु उन्होंने 4 वर्ष तक पर्यावरण विशेषज्ञों से इकोलॉजिकल रिस्टोरेशन सीखा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने दिव्यम माइंड गाइडिंग एकेडमी में 4 साल की इंटर्नशिप के बीच स्पेशल एजुकेटरों के साथ काम करके ऑटिस्टिक बच्चों के व्यवहार को समझा।उन्होंने कैम्ब्रिज सेंटर और डार्टमाउथ कॉलेज की डॉ. एस्टेर रोजारियो के मार्गदर्शन में साइकोलॉजी, फिलॉसफी और न्यूरोसाइंस की पढ़ाई की। साथ ही क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट्स से मेंटल हेल्थ, आर्ट थेरेपी और इमोशनल वेलबीइंग की ट्रेनिंग ली।
- AI ड्रोन 'AeroBloom' का निर्माण: कड़ाके की गर्मी में जब तितलियां और मधुमक्खियां कुछ वक्त हेतु ठंडी जगहों पर चली जाती हैं, तो पौधों और फसलों के परागण पर बुरा असर पड़ता है। इससे निपटने हेतु गुनीशा ने AeroBloom नाम का एक AI-गाइडेड ड्रोन सिस्टम तैयार किया। यह विपरीत मौसम में फसलों और हरियाली में कृत्रिम परागण का काम करता है।
इंटरनेशनल लेवल पर मिले बड़े अवार्ड्स
गुनीशा को इस अनोखे प्रोजेक्ट हेतु अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में अमेरिका (सैन फ्रांसिस्को) के प्रतिष्ठित संगठन 'एक्शन फॉर नेचर' द्वारा उन्हें 'इंटरनेशनल यंग इको-हीरो अवार्ड 2026' से सम्मानित किया गया, जिसमें उन्हें दुनिया भर में तीसरा स्थान मिला।
पॉलिनेटर गार्डन कैसे तैयार होते हैं, जानिए. ..
- पॉलिनेटर गार्डन: ये खास तौर पर डिजाइन किए गए ऐसे प्राकृतिक बगीचे होते हैं, जिनका मुख्य मकसद तितलियों, मधुमक्खियों, भौंरों और पक्षियों को भोजन (फूलों का रस और पराग), सुरक्षित रहने की जगह और अनुकूल माहौल देना होता है। आम बगीचों में जहां सिर्फ दिखावटी पौधों और घास की कटाई-छंटाई पर ध्यान दिया जाता है, वहीं पॉलिनेटर गार्डन स्थानीय पर्यावरण और जैव-विविधता को बचाने के लिए बनाए जाते हैं। इनमें किसी भी तरह के जहरीले रसायन का इस्तेमाल नहीं होता।
- धूप और हवा का ध्यान: गार्डन हेतु ऐसी जगह चुननी होती है जहां दिन में कम से कम 5 से 6 घंटे की अच्छी धूप आती हो, क्योंकि तितलियां और मधुमक्खियां धूप में ज्यादा सक्रिय रहती हैं। तेज हवाओं से तितलियों के नाजुक पंखों को बचाने के लिए किनारे पर छोटी झाड़ियां या प्राकृतिक बाड़ लगाई जाती है।
- रसायन-मुक्त मिट्टी: इनमें कीटनाशक, रासायनिक खाद या खरपतवार नाशक का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया जाता, क्योंकि ये कीटों हेतु जहरीले होते हैं। मिट्टी को उपजाऊ बनाने हेतु गोबर की खाद, केंचुआ खाद (वर्मीकंपोस्ट) या सूखी पत्तियों की जैविक खाद मिलाई जाती है।
- पौधों का चुनाव: स्थानीय मौसम में आसानी से उगने वाले देशी पौधों को प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे पौधे चुने जाते हैं जो अलग-अलग मौसमों में फूल देते रहें ताकि कीटों को वर्ष भर भोजन मिले। नीले, बैंगनी, पीले, लाल और गुलाबी रंगों के फूल तितलियों को ज्यादा आकर्षित करते हैं। मधुमक्खियों के लिए छोटे गुच्छेदार फूल और तितलियों हेतु चौड़ी पंखुड़ियों वाले फूल लगाए जाते हैं।
- पानी और धूप सेंकने का इंतजाम: एक उथले बर्तन या प्लेट में रेत और छोटे पत्थर भरकर पानी डाला जाता है। तितलियां सीधे गहरे पानी से पानी नहीं पी सकतीं, वे गीली रेत से पानी और खनिज चूसती हैं। गार्डन के धूप वाले हिस्सों में सपाट पत्थर रखे जाते हैं, जिन पर बैठकर तितलियां सुबह की धूप में अपने शरीर का तापमान संतुलित करती हैं।
- लेआउट और सुरक्षित आश्रय: पौधों को अलग-अलग ऊंचाई के हिसाब से लगाया जाता है—छोटे पौधे आगे, झाड़ियां बीच में और बड़े पेड़ या बेलें पीछे। गार्डन के एक कोने में सूखी लकड़ियां, टहनियां या बांस के टुकड़े रखे जाते हैं, जो बारिश या रात के समय कीटों के छिपने का काम करते हैं।







