- Hindi News
- Local
- Punjab
- Fazilka
- Jalalabad Firing Case | Shopkeeper House Attacked CCTV Footage
जलालाबाद की शहीद भगत सिंह कॉलोनी में बीती रात बाइक सवार चार अज्ञात हमलावरों ने एक दुकानदार के घर पर पांच राउंड फायरिंग कर दी। हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। उन्होंने घर के प्रमुख गेट को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली गेट
रात 3:15 बजे गोलियों की आवाज से सहमा परिवार प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 3:15 बजे गली नंबर-1 में हुई। यहां रहने वाले गुरचरण लाल की कीटनाशक दवाओं की दुकान है। वारदात के समय वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, परंतु परिवार के सदस्यों ने शुरुआत में इसे पटाखों की आवाज समझा। सुबह जब परिवार के सदस्यों ने घर के प्रमुख गेट पर गोलियों के निशान देखे तो उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। इसके पश्चात घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की गई। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक घर के बाहर पहुंचते और फायरिंग करते दिखाई दिए। हमलावरों ने घर के गेट पर पांच राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली गेट से टकराकर घर के अंदर जा लगी।
पीड़ित बोला- किसी से कोई दुश्मनी नहीं
पीड़ित गुरचरण लाल ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर किस वजह से उनके घर को निशाना बनाया गया। रात के वक्त हुई इस घटना से पूरा परिवार सहमा हुआ है। परिवार ने पुलिस से हमलावरों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
CCTV फुटेज के आधार पर छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर थाना सिटी जलालाबाद की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी मोहित धवन ने घटनास्थल का जायजा लिया और पड़ताल आरंभ की। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी हेतु अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस वारदात के पीछे की वजह का भी पता लगा रही है।
तीन दिन में जिले में गोलीबारी की तीसरी घटना
उल्लेखनीय है कि फाजिल्का जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। जलालाबाद में दुकानदार के घर पर हुई फायरिंग को तीन दिन में तीसरी वारदात बताया जा रहा है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कारोबारियों और आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कम्बोज ने जिले में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं को लेकर पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में लगातार ऐसी वारदातें होना कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी मामलों में सख्त कार्रवाई करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।







