अमृतसर| नगर में नाबालिग लड़के-लड़कियों के शराब व अन्य नशों का शिकार होकर पार्टियों में नाचने पर पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने प्रशासन और पैरेंट्स की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि जब करीब हजार लोगों की पार्टी में अधिकतर स्टूडेंट्स नशा करते पकड़े गए, तो पहले इंटेलिजेंस को सूचना क्यों नहीं मिली। चावला ने कहा कि 3200 रुपए एंट्री फीस और नशे का अलग खर्च देकर पैरेंट्स बच्चों को कहां भेज रहे हैं, उन्हें पता ही नहीं। इन नाबालिगों के पैरेंट्स को बुलाकर संबंधित स्कूल-कॉलेजों को भी सूचना दी जाए। मात्र पुलिस थाने के बस की बात नहीं, इसलिए पुलिस प्रशासन व शिक्षाविदों की बड़ी कमेटी बनाकर छानबीन करवाई जाए। अमीर-गरीब या अफसरों के बच्चों पर एक जैसा एक्शन हो। यदि राजनीतिक या धन के दबाव में सख्त कार्रवाई न हुई तो प्रशासन भी दोषी होगा।