जालंधर में नशेड़ियो ने युवक पर किया हमला: अकेले पाकर धारदार हथियारों से हमला, पुलिस जांच में जुटी – Jalandhar News
जालंधर के लोहिया मोहल्ले में सरेआम गुंडागर्दी देखने को मिला।बच्चों के खेलने वाली जगह पर शराब के नशे में धुत कुछ बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया और उसका हाथ मरोड़ दिया। मौके पर शराब की बोतलें और खून के निशान मिले हैं, जो वारदात की भयावहता को बयां कर रहे हैं। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी दहशत है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। बच्चों के सामने सरेआम गुंडागर्दी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त वहां छोटे-छोटे बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान कुछ रसूखदार और आदतन बदमाश किस्म के लोग वहां शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे। इन लोगों ने आते ही वहां मौजूद एक युवक को निशाना बनाया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। हाथ मरोड़ा और दी जान से मारने की धमकी बात इतनी बढ़ गई कि बदमाशों ने युवक को घेर लिया और बेरहमी से उसका बांह (हाथ) मरोड़ दिया। पीड़ित युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कहा कि इस बार तो वह बच रहा है, लेकिन अगली बार उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा। वारदात वाली जगह पर बिखरा खून और शराब की बोतलें घटनास्थल की स्थिति बेहद डरावनी बनी हुई है। जमीन पर जगह-जगह खून के धब्बे बिखरे हुए हैं, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवक पर कितना हिंसक हमला हुआ था। वहीं पास में ही शराब की खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं, जो बदमाशों के नशे में होने का पुख्ता सबूत हैं। इलाके में फैली दहशत, कोई बोलने को तैयार नहीं इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये बदमाश आए दिन ऐसी बदमाशी और गुंडागर्दी करते रहते हैं। बदमाशों का खौफ इस कदर है कि कोई भी उनके खिलाफ खुलकर बोलने या गवाही देने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। अकेला पाकर किया हमला, पुलिस जांच में जुटी पीड़ित के करीबियों का कहना है कि जब यह घटना हुई, तब पीड़ित वहां बिल्कुल अकेला था। बदमाशों ने उसकी इसी बेबसी का फायदा उठाया और उस पर टूट पड़े। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
Source link

