पठानकोट के युवक की न्यूयॉर्क में मौत: VIDEO; सेंट्रल पार्क में हुआ हादसा, बग्गी पलटने से मौत, माता-पिता के सामने ही उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार – Pathankot News

पठानकोट के युवक की न्यूयॉर्क में मौत:  VIDEO; सेंट्रल पार्क में हुआ हादसा, बग्गी पलटने से मौत, माता-पिता के सामने ही उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार – Pathankot News




पठानकोट से अमेरिका घूमने गए एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब न्यूयॉर्क के सुप्रसिद्ध ‘सेंट्रल पार्क’ में एक घोड़ा-गाड़ी (हॉर्स कैरिज) हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 18 वर्षीय पठानकोट के इंदिरा कॉलोनी निवासी छात्र रोमांच महाजन की सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई।
सबसे दिल दहला देने वाली बात यह रही कि पीड़ित युवक के माता-पिता भी उसी पार्क में मौजूद थे और उन्होंने अपनी आंखों के सामने इस खौफनाक मंजर को देखा। बताया जा रहा है कि मृतक युवक परिवार के साथ चार दिन पहले ही घूमने के लिए न्यूयॉर्क गया था। रोमांच परिवार से साथ पहली बार न्यूयॉर्क घूमने गया था। अचानक बेकाबू होकर दौड़ा घोड़ा, रेस्टोरेंट के पास पलटी बग्गी
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रमन महाजन तीन अन्य यात्रियों के साथ पारंपरिक घोड़ा-गाड़ी में बैठकर सेंट्रल पार्क की सैर कर रहा था। इसी दौरान ‘चेरी हिल’ इलाके के पास घोड़ा अचानक किसी बात से डर गया और बेकाबू होकर सरपट दौड़ने लगा। बेकाबू घोड़ा बग्गी को घसीटते हुए ‘वेस्ट ड्राइव’ की तरफ भागा और मशहूर ‘टैवर्न ऑन द ग्रीन’ रेस्टोरेंट के पास दूसरी घोड़ा-गाड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बग्गी बीच सड़क पर ही पलट गई और रमन उछलकर कंक्रीट की सड़क पर जा गिरा, जिससे उसके सिर पर जानलेवा चोटें आईं। उसे नाजुक हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
ड्राइवर की भारी लापरवाही आई सामने
शुरुआती जांच और ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन के बयानों के मुताबिक, हादसे के वक्त बग्गी चालक अपनी सीट पर मौजूद नहीं था। वह सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए यात्रियों की फोटो खींचने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा हुआ था, तभी घोड़ा बिदक गया। इस घोर लापरवाही के बाद बग्गी मालिक ने ड्राइवर को तत्काल प्रभाव से नौकरी से सस्पेंड कर दिया है, और हादसे में शामिल 7 वर्षीय घोड़े ‘सैमसन’ को भी इस काम से हटा दिया गया है।

न्यूयॉर्क में 150 साल पुरानी इस परंपरा को बंद करने की उठी मांग
इस हादसे ने न्यूयॉर्क में पिछले 150 वर्षों से चल रहे घोड़ा-गाड़ी उद्योग पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्क की देखरेख करने वाली संस्था’सेंट्रल पार्क कंजर्वेंसी’ और पशु अधिकार संगठनों ने इस उद्योग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग तेज कर दी है। संस्था के प्रतिनिधियों का कहना है कि एक युवा हमारे पार्क का आनंद लेने आया था और उसने अपनी जान गंवा दी। अमेरिका के सबसे व्यस्त सार्वजनिक स्थलों में से एक के बीच इस पुरानी और असुरक्षित परंपरा को जारी रखने की कीमत किसी की जान देकर नहीं चुकाई जा सकती।
हम ‘राइडर्स लॉ’ को पारित करने की मांग करते हैं, जिससे इन घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध लगे और चालकों को वैकल्पिक रोजगार दिया जाए। इस दर्दनाक हादसे के बाद अब सेंट्रल पार्क की इस सदी पुरानी रवायत पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या पर्यटकों के मनोरंजन के नाम पर इस तरह के खतरों को अब और बर्दाश्त किया जाना चाहिए?
यूनियन ने कहा कि यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। किसी भी ड्राइवर को यात्रियों की तस्वीरें लेने के लिए बग्गी छोड़कर कभी नहीं जाना चाहिए। हम इस हादसे से स्तब्ध हैं और हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *