जालंधर में दबंगों ने घर में घुसकर चलाईं गोलियां: हमले में एक महिला घायल; घर के बाहर नशा बेचने का विरोध करने पर वारदात – Jalandhar News
जालंधर के शाहकोट स्थित संधावाल मंड गांव में घर के बाहर सरेआम नशा बेचने और जुआ खेलने का विरोध करने पर 3 हथियारबंद नकाबपोशों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में रसोई में काम कर रही परिवार की बेटी गुरजीत कौर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बुजुर्ग महिला बुचान कौर पत्नी जसवंत सिंह ने बताया कि घर के पास रहने वाले कुछ लोग नशा और जुए का अवैध कारोबार करते हैं। जब परिवार ने ऐसा करने से मना किया और रोका तो वे रंजिश पालनी शुरू कर दी। जान से मारने की दे रहे धमकियां बुचान कौर के मुताबिक यह लोग पिछले काफी समय से परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। परिवार को अंदाजा नहीं था कि वे इस तरह जानलेवा हमला कर देंगे। आज जब परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, तभी मोटरसाइकिल पर आए तीन हथियारबंद बदमाशों ने गोलियां चलाई। नकाबपोशों ने घर में घुसकर चलाई गोली हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे और उनके हाथों में पिस्टल थी। मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों में से दो नौजवान पिस्टल लहराते हुए घर के अंदर घुस गए, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर मोटरसाइकिल स्टार्ट करके खड़ा रहा ताकि वारदात के बाद तुरंत भागा जा सके।
बेटी को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती इसी दौरान बुचान कौर की बेटी गुरजीत कौर (30 वर्ष, पत्नी कुलवंत सिंह, निवासी गांव रामपुर, शाहकोट) जो कि अपनी मां के घर आई हुई थी, रसोई में काम कर रही थी। बाहर शोर सुनकर वह जैसे ही भागकर आंगन की तरफ आई, घर में घुसे बदमाशों ने उस पर सीधे गोली चला दी। गोली गुरजीत कौर की दाहिनी टांग में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी। गनीमत रही कि परिवार के बाकी सदस्य दूसरे कमरों में थे, जिससे वे बच गए। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया सब-डिवीजन शाहकोट के अंतर्गत गांव संधावाल मंड में हुई फायरिंग की घटना संबंधी सूचना प्राप्त होते ही स. हरविंदर सिंह विर्क, PPS, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जालंधर ग्रामीण के दिशा-निर्देशों के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई की गई। सरवन सिंह बल, PPS, उप पुलिस अधीक्षक, शाहकोट, दिलबाग सिंह, सब-इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी, थाना शाहकोट तथा अन्य पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस टीमों द्वारा मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मौके से एक चला हुआ कारतूस का खोखा बरामद कर साक्ष्य के रूप में पुलिस कब्जे में लिया गया। आरोपियों की तलाश में रेड इस संबंध में थाना शाहकोट में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच के दौरान राजन पुत्र गुरमीत सिंह तथा जशन पुत्र करनैल सिंह, दोनों निवासी गांव संधावाल, थाना शाहकोट, जिला जालंधर को नामजद किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
Source link

