अबोहर में ऑटो और बाइक की टक्कर: 3 युवक गंभीर घायल, फरीदकोट रेफर; बारिश और फिसलन के बीच हुआ हादसा – Abohar News
फाजिल्का जिले के गांव मौजगढ़ के निकट मंगलवार दोपहर बरसात के दौरान एक ऑटो और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अबोहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव मौजगढ़ निवासी सोनू पुत्र सहीराम, गांव जंडवाला हनुवंता निवासी पंकज पुत्र राजकुमार और रमन पुत्र प्रेम कुमार एक ही बाइक पर सवार थे। ये तीनों पेंट का कार्य करने के लिए खुइयां सरवर जा रहे थे। सामने से आ रहे ऑटो से हुई बाइक की टक्कर जब वे मौजगढ़ के निकट पहुंचे, तो लगातार हो रही बरसात के कारण सड़क पर दृश्यता कम थी और फिसलन भी थी। इसी दौरान उनकी बाइक की सामने से आ रहे एक ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि सोनू के पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य दोनों युवकों को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें लगी हैं। घटना की सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस को अस्पताल से घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक उपचार के बाद फरीदकोट रेफर अबोहर सिविल अस्पताल के डॉ. इंसाफ ने बताया कि तीनों युवकों को गंभीर चोटें लगी थीं। अस्पताल में उनका प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के उपचार हेतु फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घटना संबंधी मेडिकल रिपोर्ट तैयार कर पुलिस को भेज दी गई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया संबंधित पुलिस अधिकारी ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना सिविल अस्पताल से प्राप्त हुई है। मौके पर पुलिस टीम भेजी गई है। घटनास्थल की जांच की जा रही है और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। जांच के बाद जो भी बनती कानूनी कार्रवाई होगी, वह अमल में लाई जाएगी।
Source link

