दस्त रोको मुहिम 31 जुलाई तक सिविल सर्जन ने किया जागरूक – Jalandhar News
भास्कर न्यूज|जालंधर स्वास्थ्य विभाग जालंधर की ओर से जिले में 31 जुलाई तक विशेष दस्त रोको मुहिम चलाई जा रही है। बुधवार को सिविल अस्पताल के पीपी यूनिट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने टीकाकरण के लिए आईं गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की माताओं को इस अभियान के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने ओआरएस घोल बनाने की सही विधि भी समझाई। इस अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में 5 साल तक की आयु के बच्चों के लिए मुफ्त ओआरएस के पैकेट दिए जा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर घर पर ही जीवन रक्षक घोल तैयार किया जा सके। बच्चे को दस्त होने की सूरत में तुरंत ओआरएस का घोल पिलाना शुरू करें। वहीं दस्त बंद होने पर ओआरएस देना बंद कर दें और लगातार 14 दिनों तक जिंक की गोली दें। यह बच्चे को दस्त और निमोनिया से बचाती है, भूख व वजन बढ़ाती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करती है। 2 से 6 महीने के बच्चे: आधी जिंक की गोली (10 मिलीग्राम) मां के दूध के साथ दें। 6 महीने से बड़े बच्चे: एक पूरी जिंक की गोली (20 मिलीग्राम) साफ पानी या मां के दूध के साथ दें। दस्त के दौरान मां का दूध पीना बंद न करें, बल्कि और ज्यादा बार पिलाएं। अगर बच्चा कुछ भी पीने में असमर्थ हो तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क करें। दस्त से बचने के लिए बाहर के खाने से परहेज करें। खाना पकाने और खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोएं।
Source link

