जालंधर में कार सवारों ने मां-बेटों को पीटा: तेजधार हथियारों से किया जानलेवा हमला, पुरानी रंजिश को लेकर वारदात – Jalandhar News
जालंधर के भार्गव कैंप इलाके के अंतर्गत आते लकड़ चौक (टालियों वाला चौक) में रंजिश के चलते 2 भाइयों और उनके पिता ने परिवार के 3 युवकों और उनकी मां पर तेजधार हथियारों (किरपान और दात) से हमला कर दिया। हमलावर कार में सवार होकर आए थे और उन्होंने पैदल जा रहे पीड़ित युवकों को रोककर मारपीट शुरू की। जब पीड़ित लड़कों की मां उनके घर शिकायत लेकर गई, तो आरोपियों ने चौक के बीचों-बीच पूरी फैमिली को घेरकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को इलाज के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पुरानी रंजिश में वारदात
पीड़ित परिवार के अनुसार, यह पूरा विवाद लकड़ चौक (टालियों वाला चौक) के पास हुआ। पीड़ित महिला ने बताया कि उनका बेटा जब पैदल रास्ते से जा रहा था, तभी इलाके के ही रहने वाले दो सगे भाई लव और भालू अपने पिता के साथ कार में वहां पहुंचे। आरोपियों ने कार को बीच रास्ते में अड़ाकर युवक को रोका और बिना कुछ कहे उस पर थप्पड़ और मुक्के बरसाने शुरू कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत लेकर गई मां पर भी किया जानलेवा हमला
जब पीड़ित युवक घायल अवस्था में घर पहुंचा और अपनी मां को आपबीती सुनाई, तो मां सच जानने के लिए अकेले ही आरोपियों के घर ‘लांभा’ (शिकायत) लेकर पहुंच गई। महिला ने बताया कि जब उसने आरोपियों के माता-पिता से उनके बेटों की इस करतूत के बारे में पूछा, तो आरोपी भाई तुरंत हाथों में तेजधार किरपान और दात लेकर बाहर निकल आए। उन्होंने महिला और उसके बेटों को सरेराह सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर मारना शुरू कर दिया। बीच बचाव करने आई बहू को भी नहीं बख्शा
इस खूनी संघर्ष के दौरान जब पीड़ित महिला की बहू और उसके अन्य बेटे बीच-बचाव करने के लिए भागे, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। महिला का आरोप है कि हमलावरों के पिता ने उसके बेटों के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया, जिसके बाद लव और भालू ने उन पर दात से ताबड़तोड़ वार किए। आरोपियों ने महिलाओं पर भी हाथ उठाया। चीख-पुकार मचने के बाद भी पूरा मोहल्ला मूकदर्शक बनकर देखता रहा, लेकिन किसी ने भी उन्हें छुड़ाने की जहमत नहीं उठाई। एक साल पहले हुआ था राजीनामा
पीड़ितों के मुताबिक, करीब एक साल पहले माता के जागरण के दौरान भी आरोपियों ने उनके बच्चों के साथ बदसलूकी की थी और आंखें दिखाई थीं। उस समय गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था। लेकिन आरोपी मन में रंजिश पाले बैठे थे। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी गुंडागर्दी और दबदबा बनाना चाहते हैं, जिसके कारण उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित परिवार ने लगाई इंसाफ की गुहार
हमले में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों और उनकी मां को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों द्वारा उनके मेडिकल टेस्ट और टांके लगाए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार की महिलाओं ने रोते हुए कहा कि उनके घर में कोई पुरुष सदस्य कमाने वाला या सहारा देने वाला नहीं है, जिससे वे असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि गुंडागर्दी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
Source link

