पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: कारोबारी ने कूरियर गर्ल का गला दबाया; मां ने बच्ची को पटका, अकाल तख्त के फैसले पर CM की सफाई – Chandigarh News
.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर CM भगवंत मान से जुड़ी रही। उन्होंने अकाल तख्त के फैसले पर सफाई देते हुए कहा- मैं उस वीडियो में नहीं हूं। कल जत्थेदार ने कहा था कि शराब वाली वायरल वीडियो सही है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. अकाल तख्त के फैसले पर CM मान की सफाई, बोले- मैं वीडियो में नहीं
सीएम भगवंत मान ने आज (16 जून) श्री अकाल तख्त के फैसले पर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले दिन तख्त श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार की ओर से एक वीडियो के संबंध में मेरे खिलाफ कुछ हुक्मनामे जारी किए गए हैं। यह वीडियो भगवंत मान का है। यह वीडियो एआई से नहीं बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि जब मुझे अकाल तख्त साहिब में बुलाया गया था, तब भी मैंने स्पष्ट कहा था कि उस वीडियो में मैं नहीं हूं। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति का कद-काठी और शारीरिक बनावट मुझसे मेल नहीं खाती। मेरा शरीर उस तरह का नहीं है।
सोमवार को अकाल तख्त साहिब ने CM भगवंत मान को पंथ विरोधी और गुरु विरोधी घोषित किया था। अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने यह फैसला भगवंत मान की कथित शराब वाली वायरल वीडियो की जांच कराने के बाद सुनाया। (पढ़ें पूरी खबर)
2. कारोबारी ने कूरियर गर्ल को पीटा, गला पकड़ा

लुधियाना के जगराओं के होटल मालिक ने कूरियर कंपनी की महिलाकर्मी के साथ मारपीट कर दी। महिला ने कहा कि वह उसके घर पर पार्सल देने गई रही थी, लेकिन वापस लौटते समय गार्ड ने उनसे कहा कि ‘साहिब आपको अंदर बुला रहे हैं।’
जैसे ही वह घर के अंदर गईं, आरोपी ने उनका हाथ पकड़ लिया, अंदर खींचा और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें होटल कारोबारी महिला का गला पकड़कर अपने घर के अंदर ले जाने की कोशिश करता हुआ दिख रहा है।
हालांकि इससे पहले होटल मालिक ने बाकायदा महिला कर्मी का घर से निकलते हुए का वीडियो जारी किया था। जिसमें उसने कहा था कि वह निर्दोष है। लेकिन अब नई सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी उसे गिरफ्तार नहीं किया। (पढ़ें पूरी खबर)
3. एक नाम की 2 लेडी इंस्पेक्टर, 1 की मौत पर दूसरी को भी दी श्रद्धांजलि

मानसा में सड़क हादसे में महिला पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर बेअंत कौर की मौत हो गई। हादसे के बाद सोशल मीडिया पर इसी नाम की एक अन्य महिला पुलिस अधिकारी को लेकर गलत खबरें वायरल होने लगीं। अफवाहों के चलते तलवंडी साबो में तैनात इंस्पेक्टर बेअंत कौर को वीडियो जारी कर स्पष्ट करना पड़ा कि हादसे में जान गंवाने वाली अधिकारी कोई और थीं।
मृतक इंस्पेक्टर बेअंत कौर जिला बठिंडा के गांव मैसर खाना की रहने वाली थीं और मानसा में महिला सेल इंचार्ज के पद पर तैनात थीं। मंगलवार सुबह ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान मौड़ के पास उनकी कार की भूसे (तूड़ी) से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि इंस्पेक्टर बेअंत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। उनके परिवार में पति और दो छोटे बच्चे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. 16 जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी, पठानकोट में बारिश

पंजाब के 16 जिलों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, चंडीगढ़ में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है।
राज्य के कई इलाकों में हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। फरीदकोट में सबसे अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। पंजाब से बिहार तक बनी मौसमी ट्रफ और 18 जून से सक्रिय होने वाले नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रह सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने, गरज-चमक, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
5. गुरुद्वारे में बेअदबी की कोशिश, युवक सुखासन स्थल तक पहुंचा

मोगा के धर्मकोट कस्बे की चुग्गा बस्ती स्थित गुरुद्वारा धर्म की पौड़ी में मंगलवार सुबह बेअदबी की कोशिश की गई। सुबह करीब 8 बजे के बाद ग्रंथी ज्ञानी बलदेव सिंह गुरुद्वारा साहिब के मुख्य द्वार को ताला लगाकर अपने घर धर्मकोट लौट गए थे। इसी दौरान एक युवक गुरुद्वारा परिसर में पहुंचा और खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश कर गया।
गुरुद्वारे के अंदर घुसने के बाद युवक ने पहले गोलक से छेड़छाड़ की और फिर सुख आसन स्थल तक पहुंच गया। इस दौरान गुरुद्वारे के पीछे स्थित एक घर की छत पर मौजूद एक महिला की नजर उस पर पड़ गई। महिला ने तुरंत शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे।
सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान बलविंदर सिंह, समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से जर्दा-तंबाकू भी बरामद हुआ। इसके बाद मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई। (पढ़ें पूरी खबर)
6. अमृतसर का रहने वाला संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

अमृतसर का रहने वाला एक संदिग्ध आतंकी को उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर से गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से चीन में बने हथियार बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई सेना, BSF और पंजाब पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर उत्तराखंड STF ने की है।
संदिग्ध आतंकी का नाम ईशानप्रीत सिंह है। उसके पास से 3 जिगाना पिस्टल, 3 बरेटा पिस्टल, 6 मेड इन चाइना पिस्टल, 20 मैगजीन और लगभग 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। ईशानप्रीत सिंह के पास ये सभी हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब बॉर्डर पर पहुंचाए गए थे।
सूत्रों से के मुताबिक, वह 15 अगस्त से पहले किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। इसके साथी अभी पंजाब, उत्तराखंड और यूपी में एक्टिव है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. मां ने डेढ़ साल की बच्ची को पीटा, सिर पकड़ पटका

तरनतारन जिले में डेढ़ साल की बच्ची के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। उसकी मां ने ही उसकी बेरहमी से पिटाई की। वीडियो में महिला बच्ची का सिर पकड़कर उसे बिस्तर पर पटकती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह करीब 10 सेकेंड में उसे 6 थप्पड़ मारती है। फिर उसने इसका वीडियो बनाकर अपने पति को भेज दिया।
मामले की जानकारी मिलने पर बाल सुरक्षा विभाग और पुलिस ने कार्रवाई की। जांच के बाद टीम ने आरोपी महिला के ठिकाने पर पहुंचकर बच्ची को रेस्क्यू कर लिया और महिला को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला सिमरन ने बताया कि उसका पति कई-कई दिनों तक घर से बाहर रहता था। उसे वापस घर बुलाने के लिए वह अपनी बेटी के साथ मारपीट करती थी और उसकी वीडियो बनाकर पति को भेजती थी। महिला के अनुसार, वह चाहती थी कि बच्ची की हालत देखकर उसका पति घर लौट आए। (पढ़ें पूरी खबर)
8. कैशियर मर्डर केस, जम्मू-कश्मीर से आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर पर फायरिंग मामले में एक नई सीसीटीव भी फुटेज सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हमलावर पहले कुमार ब्रदर्स केमिस्ट शॉप में पहुंचे थे। वहां वे करीब 10 सेकेंड तक रुके और काउंटर पर खड़े लोगों को ध्यान से देखते रहे।
इसके बाद वे बिना किसी वारदात के वहां से निकल गए और सीधे श्री कुमार मेडिकल स्टोर पहुंच गए, जहां उन्होंने कैशियर जानकी दास पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावर किसी खास व्यक्ति की तलाश में थे। माना जा रहा है कि उनके पास किसी की फोटो हो सकती थी और वे पहले दुकान में उसकी पहचान करने की कोशिश कर रहे थे। सूत्रों की अनुसार, जम्मू कश्मीर से आरोपी सनी मेहरा को गिरफ्तार कर लिया है।
हमलावरों ने जिगाना पिस्टल का इस्तेमाल किया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चंडीगढ़ में हुई किसी वारदात में इस गन का पहली बार इस्तेमाल किया गया है। यह हथियार तुर्किये में बना है। इंटरनेशनल बाजार में इसकी कीमत 8 लाख रुपए तक है। इससे पहले इस पिस्टल का इस्तेमाल पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में किया गया था। (पढ़ें पूरी खबर)
9. सड़क हादसे में अग्निवीर की मौत, दो दिन पहले छुट्टी आया

मानसा में सड़क हादसे में अग्निवीर जवान बलवीर सिंह की मौत हो गई। वह दो दिन पहले ही छुट्टी पर अपने पैतृक गांव मंडेरना आए थे। बलवीर सिंह 14 अगस्त 2021 को भारतीय सेना में अग्निवीर के तौर पर भर्ती हुए थे। उनके चाचा के अनुसार, वह किसी निजी काम से मानसा गए थे। इसी दौरान नेहरू मेमोरियल सरकारी कॉलेज के नजदीक उनकी बाइक सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उनकी जान चली गई।
बलवीर सिंह अविवाहित थे और उनके परिवार में माता-पिता तथा भाई-बहन हैं। हादसे के बाद उनका पोस्टमॉर्टम मानसा सिविल अस्पताल में कराया गया। इसके बाद भारतीय सेना की एक टुकड़ी अस्पताल पहुंची। पूर्व सैनिकों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और सेना पार्थिव शरीर को उनके गांव मंडेरना ले गई।
अग्निवीर बलवीर सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। थाना सिटी-2 के प्रभारी गुरतेज सिंह ने बताया कि बलवीर सिंह के पिता रूप सिंह के बयानों के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके
10. टावर पर चढ़ा पति, बोला- पत्नी ढूंढो, फिर उतरूंगा

मोहाली में पत्नी के गायब होने पर पति ने ऐसा कदम उठा बैठा कि पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की पूरी टीम रातभर परेशान रही। पत्नी के घर छोड़कर जाने से नाराज 36 वर्षीय युवक बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
युवक का आरोप था कि कुछ दिन पहले उसने अपनी पत्नी को एक अन्य युवक से चैट करते पकड़ा था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। उसने यह भी कहा कि उसकी पत्नी बेटे और डेढ़ लाख रुपए लेकर घर छोड़कर चली गई है।
टावर पर बैठे युवक ने एक वीडियो भी बनाया, लेकिन तड़के करीब साढ़े 3 बजे उसका मोबाइल बंद हो गया, जिससे उसका बाहरी दुनिया से संपर्क टूट गया। युवक की पहचान फतेहगढ़ साहिब निवासी 36 वर्षीय सोनी सिंह के रूप में हुई है, जो एसी रिपेयरिंग का काम करता है। करीब 12 घंटे तक चले ड्रामे के बाद वह तब माना, जब अधिकारियों ने उसकी पत्नी और बेटे को तलाशने में मदद का भरोसा दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर मुलाकात होगी)

