पंजाब में विधानसभा चुनाव लड़ेगी शिवसेना लायन: बटाला में अध्यक्ष अमित अरोड़ा ने की घोषणा, बोले- हिंदुओं की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा – Batala News
बटाला में शिवसेना लायन की बैठक संगठन को और मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए शिवसेना लायन के अध्यक्ष अमित अरोड़ा ने घोषणा की कि पार्टी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने बताया कि संगठन को पूरे पंजाब में मजबूत किया जा रहा है और इसके लिए विभिन्न शहरों में बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। अमित अरोड़ा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज के मुद्दों को सरकारों तक पहुंचाना और उनकी सुनवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में हिंदू समाज की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। शिवसेना आने वाले समय में इन मुद्दों को और अधिक मजबूती से उठाएगी। विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी शिवसेना लायन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिवसेना 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारेगी और संगठन उन सभी निर्वाचन क्षेत्रों का पूरा समर्थन करेगा, जहां से शिवसैनिक चुनाव लड़ना चाहते हैं। अमित अरोड़ा ने चंडीगढ़ में अकाली दल वारिस पंजाब के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजकर बातचीत की जा सकती थी, लेकिन सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और बैरिकेड तोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। पंजाब में हिंदुओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जाना जरूरी : अरोड़ा अरोड़ा ने आगे कहा कि पंजाब में हिंदू समाज का प्रतिनिधित्व बढ़ाना आवश्यक है और संगठन इस दिशा में अपना अभियान जारी रखेगा। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही लुधियाना में शिवसेना द्वारा एक बड़ी सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंजाब भर से बड़ी संख्या में शिवसैनिक शामिल होंगे और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। इस अवसर पर सुनील कुमार बंटी, बिन्नी, सचिन बहल (अमृतसर), बंटी जोगी (होशियारपुर), मुनीश वर्मा (मुकेरियां) और हैप्पी तलवाड़ा सहित विभिन्न जिलों के शिवसैनिकों ने इस सभा में भाग लिया और संगठन को मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया।
Source link
