लुधियाना में बेखौफ चोरों का आतंक: तीसरी मंजिल पर सोता रहा परिवार, नीचे अलमारी की तिजोरी तोड़ ले उड़े 2.5 लाख का माल पुलिस जांच में जुटी – Ludhiana News

लुधियाना में बेखौफ चोरों का आतंक:  तीसरी मंजिल पर सोता रहा परिवार, नीचे अलमारी की तिजोरी तोड़ ले उड़े 2.5 लाख का माल पुलिस जांच में जुटी – Ludhiana News




लुधियाना में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब लोगों का अपने ही घर में रहना सुरक्षित नहीं रह गया है। पुलिस की नाईट पैट्रोलिंग और सुरक्षा के दावों की पोल खोलता हुआ एक नया मामला महानगर के धरमपुरा इलाके से सामने आया है। यहां गली नंबर 1 में बीती रात शातिर चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है कि घर के लोग अपनी तीसरी मंजिल पर गहरी नींद में सोते रहे और नीचे चोरों ने इत्मीनान से पूरे घर को खंगाल डाला और लाखों का माल लेकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित परिवार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे रात करीब 11 बजे अपने घर की तीसरी मंजिल पर सोने चले गए थे। एहतियात के तौर पर उन्होंने छत पर बनी मुमटी का दरवाजा भी अच्छी तरह से बंद किया था। लेकिन जब सुबह उनकी आंख खुली और वे नीचे आए तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मुमटी का दरवाजा खुला हुआ था और कमरों के अंदर का सारा सामान बुरी तरह से बिखरा पड़ा था। गुल्लक से लेकर पेटी तक सब खंगाला, तसल्ली से की चोरी चोरों ने घर में घुसने के बाद उन्होंने अलमारी की मजबूत तिजोरी को भी तोड़ दिया। इतना ही नहीं, कमरे में रखी पेटी, महिलाओं के पर्स और बच्चों की गुल्लक (बुगनी) तक को नहीं छोड़ा गया। बेड के दराज भी बाहर निकले हुए थे, जिससे साफ पता चल रहा था कि चोरों ने तसल्ली से एक-एक कोने की तलाशी ली और जो भी कीमती सामान मिला, उसे समेट लिया। ढाई लाख का भारी नुकसान, पुलिस जांच में जुटी परिवार के सदस्यों ने भारी मन से बताया कि उनकी पेटी में रखी सोने की बालियां और 70 से 80 हजार रुपए की नकद राशि गायब है। हालांकि, परिवार अभी भी पूरे घर के सामान का मिलान कर रहा है ताकि नुकसान का सटीक आंकड़ा पता चल सके, लेकिन शुरुआती तौर पर लगभग ढाई लाख रुपए की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पार्षद बोले- घर में लोगों के होते हुए भी चोरी होना चिंताजनक आपको बता दें कि धरमपुरा इलाके में लूट-खसूट और चोरी की यह कोई पहली वारदात नहीं है। इलाके में लगातार बढ़ रहे क्राइम ग्राफ से लोगों में रोष है। घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद सिमरजीत सिंह सिम्मू तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा,हम लगातार इलाके के लोगों को जागरूक करते हैं कि वे अपना घर सूना न छोड़ें। लेकिन यह घटना बेहद डराने वाली है क्योंकि यहां तो परिवार के घर में मौजूद होने के बावजूद चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। पार्षद सिम्मू ने पुलिस प्रशासन से सख्त अपील की है कि इस पीड़ित परिवार की जल्द से जल्द मदद की जाए और इलाके की सीसीटीवी खंगाल कर चोरों को तुरंत सलाखों के पीछे डाला जाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *