पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से जुड़ी रही। चुनाव आयोग ने 15 जून से SIR शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत घर-घर जाकर वोटर्स का वेरिफिकेशन होगा।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. 15 जून से होगी SIR, घर-घर जाकर वोटरों का वेरिफिकेशन
पंजाब और चंडीगढ़ में चुनाव आयोग ने 15 जून से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) शुरू करने का ऐलान किया है। पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और राज्य में करीब 2.14 करोड़ मतदाता हैं।
SIR के तीसरी चरण के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान नए वोटरों के नाम जोड़े जाएंगे, जबकि गलत, फर्जी या दोहराए गए नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाएंगे।
पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनंदिता मिश्रा ने कहा कि SIR के लिए दो फॉर्म भरे जाएंगे। एक कॉपी मतदाता को दी जाएगी। अगर दरवाजा बंद रहा या घर में नहीं है, तो BLO फॉर्म दरवाजे के अंदर डालेगा। इसके बाद भी अगर वो नहीं मिलते हैं, तो BLO महीने में तीन बार जाएगा। 2025 को जिसका नाम मतदाता सूची में है, उसे फॉर्म भरना होगा। (पढ़ें पूरी खबर)
2. युवराज के पिता पर FIR, महिलाओं पर आपत्तिजनक डायलॉग का दावा

पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता एवं एक्टर योगराज सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ में केस दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ चंडीगढ़ के 2 एडवोकेट ने पुलिस को शिकायत दी थी। एडवोकेट ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्लिप को इसका आधार बनाया है।
उनका आरोप है कि वीडियो में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। इसमें योगराज सिंह कह रहे हैं- जनानी दिन में चूल्हे पे, रात को @#$% पे। शिकायतकर्ताओं ने एसससपी से मांग की थी कि योगराज सिंह और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। यह महिलाओं के सम्मान और अधिकारों का हनन है। जिसके बाद गुरुवार को पुलिस स्टेशन 36 में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई।
गुरुवार को इस मामले में पंजाब महिला आयोग की भी एंट्री हुई। आयोग ने पंजाब पुलिस को लेटर लिखकर सीनियर अधिकारी से जांच करवाने के लिए कहा। यह वीडियो क्लिप अमेजन प्राइम वीडियो पर 8 मई 2026 को रिलीज हुई हिंदी वेब सीरीज लुक्खे के एक एपिसोड से काटी गई है। इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है और इसी वेब सीरीज में बोले गए डायलॉग को आधार बनाकर दोनों एडवोकेट ने योगराज सिंह और अन्य के खिलाफ शिकायत दी है। इस पर अभी योगराज सिंह ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. CM भगवंत मान बोले- आपके दिए टैक्स से दे रहा सुविधाएं

संत त्रिलोचन दास जी महाराज के 38वें गुरु गद्दी दिवस को समर्पित विशेष धार्मिक समागम आज बटाला में हुआ। इस मौके पर CM भगवंत मान भी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती बहुत उपजाऊ है, यहां दाल, मक्का, गेहूं सब उगता है। लेकिन नफरत का बीज यहां कभी नहीं उग सकता।
सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा जनता की भलाई पर खर्च होना चाहिए और यह सरकार का फर्ज है, कोई एहसान नहीं। जनता के दिए टैक्स के पैसे से ये सुविधाएं मिलती हैं। सरकार ने चंडीगढ़ में पैसा छापने की मशीन नहीं लगाई। लोगों का पैसा ही सुविधाओं के तौर पर वापिस किया जाता है।
धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी पर उन्होंने कहा कि सरकार ने कठोर कानून बनाया है, जिसके तहत दोषियों को उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की मर्यादा और सम्मान की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. कन्हैया मित्तल के प्रोग्राम से पहले बवाल, पुलिस ने तैयारियां रुकवाईं

जालंधर में श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित होने वाले बालाजी की चौकी प्रोग्राम को लेकर बवाल हो गया। बुधवार शाम को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इसकी तैयारियां रुकवा दीं। लोगों के डेकोरेशन, टेंट और लाइट का काम करने से रोका। इसमें प्रसिद्ध गायक कन्हैया मित्तल को बुलाया गया है।
इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर भाजपा नेता शीतल अंगुराल और मंदिर कमेटी के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सरकार और पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि अपने चहेते नेताओं को खुश करने के लिए यह कार्यक्रम रोका जा रहा है।
आज सुबह भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने साईं दास स्कूल ग्राउंड के बाहर सड़क पर धरना लगा दिया। इस बारे में ADCP-1 आकृषि जैन ने कहा कि परमिशन न होने की वजह से बालाजी की चौकी का कार्यक्रम करने से मना किया जा रहा है। हालांकि, बाद में पुलिस ने कहा कि परमिशन दे दी गई है। चौकी का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से किया जाएगा।
उधर, इस प्रोग्राम को करवाने वाले जालंधर से आम आदमी पार्टी के MLA रमन अरोड़ा ने अपनी सरकारी सुरक्षा लौटा दी। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट डालकर लिखा- जो पंजाब पुलिस उनके धार्मिक कार्यक्रम में बाधा डालेगी, उन्हें उस पुलिस की सुरक्षा नहीं चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर)
5. अमृतसर के कॉलेज में भाषा को लेकर भिड़े छात्र, 6 से अधिक घायल

अमृतसर के खालसा कॉलेज में छात्रों के दो गुटों में भोजपुरी बोलने को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि छात्रों में मारपीट हो गई। जिससे करीब 6 से अधिक छात्र घायल हुए हैं। इसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की है। कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।
वहीं बिहार के छात्रों का आरोप है कि झड़प के बाद कॉलेज प्रशासन ने उन्हें हॉस्टल में बंद कर दिया। जिससे वह अपने-अपने कमरों में बंद रहे। उन्हें धमकी दी गई की अगर कोई बाहर आया तो जुर्माना लगेगा और कॉलेज से निकाल दिया जाएगा। हालांकि अभी इस मामले पर कॉलेज प्रशासन का बयान सामने नहीं आया है। छात्रों ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. क्लब में भीषण आग, अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला

चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित डिफेले क्लब में अचानक आग लग गई। आग लगते ही क्लब में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय क्लब के अंदर लोग खाना खा रहे थे, जबकि स्टाफ भी मौजूद था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
जानकारी के अनुसार आग क्लब की पहली मंजिल पर लगी। शुरुआत में मौके पर फायर ब्रिगेड की कुछ गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति को देखते हुए बाद में फायर ब्रिगेड की और गाड़ियां बुलानी पड़ीं। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों और पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद लोगों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग बढ़ने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को सील कर दिया है, ताकि किसी तरह का जान-माल का नुकसान न हो। पुलिस ने क्लब के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी और पूरे इलाके को खाली करवाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. मलेशिया में फंसा पंजाबी युवक घर पहुंचा

मलेशिया में फंसा जालंधर का आकाश 16 दिन बाद पंजाब लौट आया है। राज्यसभा सांसद संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने युवक को पंजाब लाने में मदद की। आकाश ने बताया कि वह 13 साल से न्यूजीलैंड में रह रहा था। पिता की गंभीर बीमारी की खबर सुनकर उसने जल्दबाजी में भारत लौटने का फैसला लिया। चूंकि पासपोर्ट एक्सपायर हो चुका था और वीजा संबंधी समस्याओं के कारण वह उसे रिन्यू नहीं करा पाया, इसलिए न्यूजीलैंड इमिग्रेशन से ट्रैवल डॉक्यूमेंट लेकर 23 अप्रैल को भारत के लिए रवाना हुआ।
जब 24 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा तो इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनके पास मौजूद ट्रैवल डॉक्यूमेंट को अमान्य करार देते हुए एंट्री देने से इनकार कर दिया। इमिग्रेशन विभाग का तर्क था कि उसने विदेश में राजनीतिक शरण का केस लिया था, जिसके कारण वापसी में तकनीकी बाधाएं हैं। उन्हें उसी एयरलाइन (मलेशिया एयरलाइंस) से वापस भेज दिया गया।
इस दौरान आकाश मलेशिया एयरपोर्ट पर फंस गया। जहां करीब 6 दिन एयरपोर्ट पर और 10 दिन डिटेंशन सेंटर (हिरासत केंद्र) में गुजारे। न तो न्यूजीलैंड उन्हें वापस लेने को तैयार था और न ही भारत आ पा रहा था। इसे लेकर अकाश ने एक वीडियो जारी किया। इसके बाद आकाश के पिता राजेश कुमार ने संत सीचेवाल से संपर्क किया और बेटे की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई। (पढ़ें पूरी खबर)
8. 2 कॉल सेंटरों पर रेड, 100 से ज्यादा युवक-युवतियां हिरासत में

लुधियाना में बुधवार देर रात 2 कॉल सेंटरों पर पुलिस टीमों ने रेड की। इस दौरान पुलिस ने 100 से अधिक युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। जो विदेशी लोगों को अपना शिकार बनाकर उनसे लाखों की ठगी कर रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक ये फर्जी कॉल सेंटर फिरोजपुर रोड स्थित संधू टावर और सिल्वर आर्क मॉल के पास एक अन्य बिल्डिंग में चल रहे थे। रेड के दौरान पुलिस को कैश, मोबाइल फोन, हाईटेक लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी की वारदातों के लिए किया जाता था।
हिरासत में लिए गए लोगों में पंजाब के अलावा अन्य राज्यों के लोग भी शामिल हैं। इनका मुख्य काम विदेशों में बैठे लोगों को फोन करके डराना-धमकाना या झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से पैसे ऐंठना है। पुलिस की कार्रवाई से यहां हड़कंप मच गया। पुलिस इन कॉल सेंटरों को चला रहे मालिकों की तलाश में जुटी है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. अमेरिका में पंजाबी युवक को 5 साल जेल, एडवांस हथियार मिले थे

अमेरिका के कैलिफोर्निया में पंजाबी मूल के पंजाबी डेविल्स गिरोह के सरगना जशनप्रीत सिंह (27) को अदालत ने 64 महीने यानी 5 साल 4 महीने की सजा दी है। जशनप्रीत सिंह से पिछले साल भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए थे। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
जशनप्रीत सिंह ने पंजाबी डेविल्स के नाम से एक मोटरसाइकिल क्लब बनाया था। कैलिफोर्निया पुलिस के मुताबिक, जशनप्रीत सिंह का मोटरसाइकिल क्लब अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल था। इस क्लब का संबंध हथियारों व नशा की तस्करी करने वाले इंटरनेशनल गिरोह हेल्स एंजेल्स के साथा था।
जशनप्रीत पर अवैध हथियारों की सप्लाई करने के साथ-साथ चोरी छिपे भारत वापस भागने का भी आरोप है। कैलिफोर्निया पुलिस ने फेडरल कोर्ट में स्पष्ट किया कि जशनप्रीत सिंह मोटरसाइकिल क्लब की आड़ में आउटलॉ गिरोह चलाता है जो कि अवैध हथियारों की सप्लाई करता है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके…
10. 5 घंटे में करोड़पति बना शख्स, 7 रुपए में टिकट खरीदी थी

लुधियाना में फैक्ट्री में काम करने वाला मजदूर महज 5 घंटे में करोड़पति बन गया। वह दोपहर करीब 1 बजे फैक्ट्री से लंच करने बाहर निकला था। इसी दौरान उसने 7 रुपए में लॉटरी का टिकट खरीदा। उसी दिन शाम करीब 6 बजे ड्रा निकला, जिसमें उसकी 1 करोड़ रुपए की लॉटरी लग गई। हालांकि इससे पहले भी उसकी 45 हजार की लॉटरी निकली थी।
लॉटरी जीतने के बाद वह भावुक हो गया। उसने बताया कि उस पर काफी कर्ज है। अपनी और पत्नी की बीमारी के इलाज के लिए उसने लोगों से पैसे उधार लिए थे, जिन्हें चुकाना मुश्किल हो रहा था। उसने कहा कि अब सबसे पहले वह अपना सारा कर्ज चुकाएगा।
रणधीर के परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, उनकी पत्नी, दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी है। उनका बेटा पढ़ाई में होनहार है। बीते कल जारी पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में उसने 84% अंक हासिल किए। रणधीर ने कहा कि यह पैसे अपने बच्चों की उच्च शिक्षा पर भी खर्च करेंगे। परिवार वालों को अब लोग बधाई देने के लिए पहुंच रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)






