CM मान के हलके में टावर पर चढ़ा बेरोजगार अध्यापक: पेट्रोल बोतल साथ लेकर बोला- नियुक्ति पत्र दो, तभी नीचे उतरूंगा – Barnala News

CM मान के हलके में टावर पर चढ़ा बेरोजगार अध्यापक:  पेट्रोल बोतल साथ लेकर बोला- नियुक्ति पत्र दो, तभी नीचे उतरूंगा – Barnala News




पंजाब के संगरूर जिले के धूरी विधानसभा क्षेत्र में, जो मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का निर्वाचन क्षेत्र है, एक बेरोजगार ईटीटी अध्यापक बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। अध्यापक हरजीत सिंह ने अपने साथ पेट्रोल की बोतल रखी हुई थी। हरजीत सिंह की मांग है कि उन्हें तुरंत आधार पर नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं। इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए। इस घटना के दौरान धूरी के पूर्व विधायक और कांग्रेसी नेता दलवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंजाब सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि ये बेरोजगार युवा कई सालों से ईटीटी टेस्ट पास करने के बावजूद नौकरी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अध्यापक अपने मांग पर अड़ा रहा दलवीर सिंह ने आरोप लगाया कि एक ओर युवा रोजगार मांग रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार उन पर लाठीचार्ज करवा रही है। पूर्व विधायक ने टावर पर चढ़े अध्यापक से फोन पर बात कर उसे नीचे आने का आग्रह किया, लेकिन अध्यापक अपनी मांग पर अड़ा रहा। टावर पर चढ़े अध्यापक के साथियों ने बताया कि हरजीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि जब तक उन्हें स्थायी नौकरी का नियुक्ति पत्र नहीं मिल जाता, वह नीचे नहीं उतरेंगे। उसने चेतावनी दी है कि यदि उसे जबरदस्ती उतारने का प्रयास किया गया, तो वह कोई आत्मघाती कदम उठा सकता है। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने और अध्यापक को सुरक्षित नीचे लाने के लिए लगातार बातचीत की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *