विश्व शांति और सुख-समृद्धि के लिए दी गईं आहुतियां – Ludhiana News
हैबोवाल कला के चूहड़पुर रोड स्थित न्यू माया नगर के श्री सिद्धि विनायक मंदिर में वैदिक परंपराओं के अनुसार श्रंखलाबद्ध हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। मंदिर प्रबंधन कमेटी के प्रधान रविनंदन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य यजमान कैप्टन मनोज शर्मा और दिव्या शर्मा ने सपरिवार विधिवत आहुतियां डालीं। आचार्य पंडित कमल किशोर और पंडित विजय शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ संपन्न करवाया। इस अवसर पर मंदिर के महासचिव मुनीश कक्कड़, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा और कैप्टन मनोज शर्मा ने कहा कि हवन यज्ञ सनातन धर्म की एक वैज्ञानिक परंपरा है। इससे न केवल पर्यावरण शुद्ध होता है बल्कि सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आधुनिक दौर में युवा पीढ़ी को अपनी प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और सनातन संस्कारों से जोड़ना बेहद जरूरी है। मंदिर इस दिशा में प्रेरणा स्रोत का कार्य कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है यह पूरी मानवता, सदाचार और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। इस दौरान एडवोकेट अजय अरोड़ा और नीना शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विश्व शांति तथा सुख-समृद्धि के लिए आहुतियां दीं। अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
Source link

