अबोहर में किसानों का ढोल बजाकर प्रदर्शन: टेलों तक नहीं पहुंच रहा नहरी पानी, फसलें प्रभावित, विभाग के दावों पर उठाए सवाल – Abohar News
अबोहर के गांव कल्लरखेड़ा में किसानों ने नहरी पानी टेलों तक नहीं पहुंचने के विरोध में शनिवार को प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के नेतृत्व में किसानों ने ढोल बजाकर सरकार और नहरी विभाग के खिलाफ रोष जताया। किसानों का कहना है कि नहरों की सफाई के बाद भी टेल क्षेत्रों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ब्लॉक प्रधान महिंदर कुमार ने बताया कि नहरी विभाग लगातार यह दावा कर रहा है कि नहरों में पूरा पानी छोड़ा जा रहा है और टेलों तक पानी पहुंच रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। उन्होंने कहा कि गांव की नहर में इस समय केवल चार हिस्से पानी ही चल रहा है, जिसके कारण अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। इससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और बागों में लगे फलदार पौधे व पेड़ सूखने की स्थिति में पहुंच गए हैं। किसान बोले- नहीं हुआ कोई सुधार किसानों ने बताया कि कुछ समय पहले नहरी विभाग ने नहरों की सफाई के लिए नहरबंदी की थी। उस दौरान अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि सफाई पूरी होने के बाद टेल क्षेत्रों तक पर्याप्त पानी पहुंचाया जाएगा। किसानों का आरोप है कि कई दिनों तक सिंचाई बाधित रहने के बावजूद सफाई के बाद भी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। महिंदर कुमार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नहरों में जरूरत से काफी कम पानी छोड़ा जा रहा है। किसानों ने ढोल बजाकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन करते हुए सरकार और प्रशासन से मांग की कि नहरों में पर्याप्त पानी छोड़ा जाए ताकि फसलों और बागों को बचाया जा सके।
Source link

