लुधियाना में सरेआम गुंडागर्दी: 500 रुपये के GPay को लेकर विवाद, दुकान पर लहराई तलवार और बरसाईं ईंटें; CCTV वीडियो आया सामने – Ludhiana News
लुधियाना में इस्लामिया स्कूल के पास थाना तीन के इलाके में मात्र 500 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि बीच बाजार तलवारें (दातर) निकल आईं और ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
.
विजय दुकान वर्कर ने जानकारी देते कहा एक काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक सवार होकर वहां पहुंचे आते ही एक युवक ने बंटी से 500 रुपये गूगल पे (GPay) करने को कहा और बदले में नकद लेने की बात कही। बंटी ने यह कहते हुए साफ मना कर दिया कि उसके पास अभी कैश उपलब्ध नहीं है। बस इसी मामूली सी बात पर युवक भड़क गए और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक हमलावर ने तैश में आकर खतरनाक हथियार (दातर) निकाल लिया, जबकि दूसरे ने दुकान पर ईंटें बरसानी शुरू कर दीं।
लोगों ने दिखाई हिम्मत, 1 मिनट तक हुई हाथापाई
इस सरेआम गुंडागर्दी को देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की। इस पूरी वारदात का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि लोगों और बदमाशों के बीच करीब 1 मिनट तक जबरदस्त हाथापाई और झड़प हुई। वीडियो में एक युवक लगातार पत्थरबाजी करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा सरेआम तलवार लहराकर लोगों को पीछे हटने की धमकी दे रहा है। जब बदमाशों ने देखा कि भीड़ उन पर भारी पड़ रही है और पकड़े जाने का डर है, तो वे अपनी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक को वहीं सड़क पर छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गए।
थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 3 के SHO पुलिस पार्टी के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद SHO ने बताया कि पुलिस को मामले की पूरी जानकारी मिल गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से आरोपियों की स्प्लेंडर बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाला जाएगा।

