अमृतसर में डेयरी से 7 क्विंटल देसी घी पकड़ा: स्वास्थ्य विभाग का मिलावटखोरों पर एक्शन; पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे – Amritsar News
अमृतसर में स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7 क्विंटल संदिग्ध देसी घी जब्त किया है। यह कार्रवाई रामबाग क्षेत्र स्थित सोनू डेयरी पर की गई, जहां से पनीर के सैंपल भी जांच के लिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक महीने से दूध, दही, पनीर, घी और अन्य डेयरी उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मिली शिकायतों के आधार पर आज सोनू डेयरी की जांच की गई। सिरसा से सप्लाई “प्रभु देसी घी” ब्रांड का स्टॉक मिला छापेमारी के दौरान अधिकारियों को हरियाणा के सिरसा से सप्लाई किया गया “प्रभु देसी घी” ब्रांड का बड़ा स्टॉक मिला। जांच में पता चला कि घी की खरीद कीमत बाजार दर से काफी कम थी, जिससे इसकी गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर संदेह पैदा हुआ। 48 टीन देसी घी सीज, 720 किलो जब्त इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए 48 टीन देसी घी को सीज कर दिया। प्रत्येक टीन में 15 किलो घी था। इस तरह कुल 720 किलो यानी लगभग 7 क्विंटल घी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया। विभाग ने पनीर और देसी घी दोनों के सैंपल लेकर सरकारी प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में घी या अन्य उत्पाद मिलावटी अथवा गैर-मानक पाए गए, तो पूरे स्टॉक को नष्ट किया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान होगा और तेज स्वास्थ्य विभाग ने साफ कहा है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।
Source link

