बरनाला में युवक का शव मिला: पक्षियों की बाजी देखने गया था, पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार – Barnala News
पंजाब के बरनाला जिले में फरवाही टी-पॉइंट के पास एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान गांव राजीए निवासी दीपा सिंह के रूप में हुई है। वह गांव के नंबरदार बनवारी सिंह के पोते थे। दीपा सिंह की उम्र लगभग 22 से 23 वर्ष थी। वह अविवाहित थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने में मदद करते थे। ग्रामीणों ने बताया कि दीपा सिंह को पक्षियों की बाजियां (उड़ान प्रतियोगिताएं) देखने का शौक था। वह बीते दिन पास के गांव शाहोके में ऐसी ही एक बाजी देखने गए थे। टी-पॉइंट के पास एक युवक का शव पड़ा मिला वहां से वह कुछ अन्य युवकों के साथ बरनाला की ओर गए थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद फरवाही टी-पॉइंट के नजदीक पेड़ों के पास एक युवक का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव की पहचान दीपा सिंह के रूप में की। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इलाके में ऐसी भी चर्चा है कि मृतक नशे का सेवन करता था। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अंतिम संस्कार के लिए शव को उसके पैतृक गांव भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
Source link

