फिरोजपुर में करियाना व्यापारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या: बाइक पर सवार होकर आए थे बदमाश, 10 पुलिस टीमें मामले की जांच में जुटी – Fazilka News
फिरोजपुर जिले के मक्खू कस्बे में दिनदहाड़े एक करियाना दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गाबा करियाना स्टोर के मालिक गुरचरण सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरचरण सिंह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल गुरचरण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। SSP बोले- दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे नहीं ढके हुए थे फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि हत्या करने वाले दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे नहीं ढके हुए थे, जिसके चलते सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को आरोपियों की तस्वीरें भी प्राप्त हो गई हैं। उन्होंने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है और मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे हैं। एसएसपी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करीब 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी भी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

